केसीए कानपुर और सहारनपुर की लड़कियों में होगी खिताबी भिड़ंत

0
40

लखनऊ। केसीए कानपुर ने प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में प्लेयर आफ द मैच सिद्धि सिंह (तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के बाद अंजली (65) के अर्धशतक की सहायता से इलाहाबाद महिला विंग को चार विकेट से हराया।

वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान सीएएल ब्लू की चुनौती का अंत सहारनपुर के हाथों 14 रन से हार के चलते हो गया।उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से स्वीकृति प्राप्त व क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) द्वारा राधिका फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट के मुकाबले सेज क्रिकेट मैदान, 1090 चौराहा, गोमती नगर पर खेले जा रहे है।

प्रथम स्व. राधिका सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट

पहले सेमीफाइनल में इलाहाबाद महिला विंग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में आठ विकेट पर 138 रन का स्कोर बनाया। टीम 34 रन पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गयी थी।

कात्यायनी पाठक ने सर्वाधिक 33 रन की पारी खेली जबकि आस्था मिश्रा ने 27 रन का योगदान किया। मीनाक्षी यादव ने 17, काजल चौरसिया ने 14 व शिवानी मौर्या ने नाबाद 13 रन जोड़े। केसीए कानपुर से सिद्धि सिंह ने तीन व गरिमा यादव ने दो विकेट चटकाए।

जवाब में केसीए कानपुर ने 23.3 ओवर में 6 विकेट पर 139 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। सलामी बल्लेबाज बबिता यादव चार रन पर आउट हो गयी।

उनकी जोड़ीदार अंजली ने पिच पर टिकते हुए 69 गेंदों पर आठ चौके से 65 रन की पारी खेली। उनका साथ देते हुए तृप्ति सिंह ने 18 व व नेहा वर्मा ने 14 रन जोड़ते हुए जीत में योगदान किया। इलाहाबाद महिला विंग से मीनाक्षी यादव ने दो विकेट चटकाए।

इलाहाबाद महिला विंग और सीएएल ब्लू टूर्नामेंट से बाहर

दूसरे सेमीफाइनल में सहारनपुर ने प्लेयर ऑफ द मैच भूमि सिंह (तीन विकेट, नाबाद 28 रन) के आलराउंड खेल से सीएएल ब्लू को 14 रन से हराया।

सहारनपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शिखा शालोट (34) व रिया भाटी गुज्जर (20) ने पारी की शुरुआत की। इसके अलावा दिशा शर्मा ने नाबाद 31, भूमि सिंह ने नाबाद 28 व नमिता सिंह ने 17 रन का योगदान किया।

सीएएल ब्लू से अंशिका यादव ने तीन विकेट चटकाए। जवाब में सीएएल ब्लू की टीम निर्धारित ओवर में एक गेंद शेष रहते 136 रन ही बना सकी। अंशु तिवारी ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। उनके अलावा आयुषी श्रीवास्तव (19), आरजू सिंह व मंदाकिनी (15-15) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सकी।

फाइनल मुकाबला 27 मार्च को सेज क्रिकेट ग्राउंड पर केसीए कानपुर बनाम सहारनपुर के मध्य सुबह 8:30 बजे से खेला जाएगा। समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या मुख्य अतिथि होंगे।

ये भी पढ़ें : सीएएल ब्लू की दूसरी जीत, गोरखपुर को हराकर सेमीफाइनल में एंट्री

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here