लखनऊ। वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय तकनीकी सेमिनार का समापन रविवार को हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह रहे, जिन्होंने प्रशिक्षण देने के लिए वियतनाम से आए वर्ल्ड वोवीनाम फेडरेशन के टेक्निकल डायरेक्टर मास्टर न्यूगयन हक एवं फैम ची को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को ट्रेनिंग डिप्लोमा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही मास्टर्स चैंपियनशिप का शुभारंभ भी किया गया।
वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने बताया कि सेमिनार के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षकों को बेस्ट परफॉर्मर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
सम्मान पाने वालों में महाराष्ट्र के शंकर महाबले, मणिपुर के देवेन मोएरंथम, तमिलनाडु के शिफू पांचा, उत्तराखंड के विनोद लखेरा एवं देवेंद्र सिंह रावत, जम्मू-कश्मीर के बृजेश कुमार भाऊ, असम के मिलन ज्योति, उत्तर प्रदेश के प्रशांत सिंह, राजस्थान के कुशल लेखराज, ऋषिपाल भारती तथा छत्तीसगढ़ के गोपाल यादव शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान कर्नाटक, राजस्थान, असम, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश से आए खिलाड़ियों ने वोवीनाम की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने किक, पंच, लॉक, डाइविंग किक और सीजर थ्रो जैसी तकनीकों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. नीरज सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि वोवीनाम एक अत्यंत आकर्षक और तकनीकी रूप से समृद्ध मार्शल आर्ट खेल है।
इसमें पारंपरिक मार्शल आर्ट तकनीकों के साथ डाइविंग किक और सीजर थ्रो जैसी विशेष तकनीकें इसे अलग पहचान देती हैं। उन्होंने खेल के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
समारोह में फाउंडर चेयरमैन डॉ. विष्णु सहाय, विश्वविद्यालय खेल समिति के सचिव एवं एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज शुक्ला, राहुल राज रस्तोगी, मानवेंद्र सिंह, आनंद किशोर पांडे सहित अनेक पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिला वोवीनाम एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल













