लखनऊ। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय खेल कार्यालय, लखनऊ की ओर से रविवार को साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ उपक्रीड़ाधिकारी मुशर्रफ अहमद ने के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम के मुख्य द्वार संख्या-1 से हरी झंडी दिखाकर किया।
प्रातः छह बजे शुरू हुई रैली स्टेडियम से निकलकर हिंदी संस्थान, मेकेयर तिराहा, सेंट फ्रांसिस कॉलेज और सहारागंज होते हुए नेशनल पीजी कॉलेज तथा ला-मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज के मार्ग से आगे बढ़ी। इसके बाद रैली खेल निदेशालय के मुख्य द्वार पर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फिटनेस तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने नियमित साइकिलिंग के महत्व को रेखांकित किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर उपक्रीड़ाधिकारी मुशर्रफ अहमद ने कहा कि साइकिलिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में साइकिलिंग को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सहायक प्रशिक्षक निशित दीक्षित, सहायक प्रशिक्षक विकास पांडे, अंशकालिक प्रशिक्षक ए.आर. अंसारी सहित अन्य खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : फिटनेस व स्वास्थ्य का संदेश, 13 हजार से अधिक ने थामी साइकिल की हैंडल
ये भी पढ़ें : विश्व साइकिल दिवस पर क्रीड़ा भारती एवं पीसीए ने निकाली भव्य साइकिल रैली













