लखनऊ। समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत सोमवार को सीबी गुप्ता बीएसएस महाविद्यालय, चंद्रावल में निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री तथा अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुधा बाजपेयी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश शासन के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के संयुक्त सचिव अर्जुन देव भारती ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार विजय लक्ष्मी तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।
अभ्युदय योजना के प्रभारी आर.बी. सिंह ने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आग्रह किया। पाठ्यक्रम समन्वयक अधिकारी संजय पाण्डेय ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सही मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण तैयारी ही सफलता की कुंजी है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अजनी कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना सीमित संसाधनों वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का सशक्त अवसर प्रदान कर रही है।
ये भी पढ़ें : चंद्रभानु गुप्ता लॉ कॉलेज का लोकार्पण, शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल
महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. जे.एन. मिश्रा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सीबी गुप्ता लॉ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ताज मोहम्मद, गरिमा, डॉ. वंदना सिंह, डॉ. जी.के. चतुर्वेदी, डॉ. पिंकी राय, शुक्ला रानी, साहिबा खातून, समन्विता मजूमदार तथा डॉ. राजश्री सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। शिवकेश पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।











