लखनऊ : यूपीसीए स्पीड हंट पहल निश्चित तौर पर तेज गेंदबाजों की खोज में सफल योगदान दे रहा है। एक साक्षात्कार के दौरान भारत और लखनऊ फाल्कंस के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने भी इसकी जमकर सराहना की है।
भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि, “यूपीटी20 लीग ने पिछले तीन सीजन में शानदार सफलता हासिल की है और मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में यह और भी बेहतर होगी।
इसकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक यूपीसीए स्पीड हंट है। इस पहल ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से तेज गेंदबाजी की कच्ची प्रतिभाओं को सामने लाया है। शुभम गौतम जैसे खिलाड़ियों को बड़े कॉन्ट्रैक्ट मिलते देखना गर्व की बात है। यह इस बात का प्रमाण है कि यदि आप अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो अवसर जरूर मिलते हैं।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की सराहना करते हुए कहा कि, “वह युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतरीन मंच उपलब्ध करा रही है।
मेरी खिलाड़ियों से सिर्फ एक ही अपेक्षा है कि वे हर अवसर का पूरा लाभ उठाएं और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। यूपीसीए खिलाड़ियों को सही मंच देने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है, लेकिन मैदान पर उतरने के बाद प्रदर्शन करना खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है।”
अनुभवी तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि, “यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि युवा क्रिकेटर इस लीग के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत हो रहे हैं।
उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है। लेकिन सफलता के साथ अपेक्षाएं भी बढ़ती हैं। मेरी यही उम्मीद है कि वे इस पल का आनंद लें, दबाव से मुक्त रहें और अपना पूरा ध्यान क्रिकेट पर केंद्रित रखें।”
भुवनेश्वर कुमार ने चर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि, “यूपीटी20 जैसी राज्य स्तरीय लीग अब खिलाड़ियों के लिए आईपीएल तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी हैं।
पहले अवसर बहुत सीमित थे, लेकिन अब सैकड़ों खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। हमने देखा है कि यूपीटी20 लीग से सीधे खिलाड़ी आईपीएल तक पहुंचे हैं। यही हर युवा क्रिकेटर के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।”
यूपीटी20 लीग के चौथे संस्करण का आयोजन इस बार लखनऊ और कानपुर, दो शहरों में किया जाएगा। भुवनेश्वर कुमार ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि, “दो शहरों में लीग का आयोजन एक बहुत अच्छा कदम है।
ये भी पढ़ें : यूपीसीए स्पीड हंट के जरिए उभरी तेज गेंदबाजी की नई प्रतिभाएं : राजीव शुक्ला
ये भी पढ़ें : यूपी टी-20 लीग: मिनी ऑक्शन के बाद छहों टीमों के फाइनल स्क्वाड घोषित
ये भी पढ़ें : यूपी टी-20 मिनी ऑक्शन में जमकर हुई धनवर्षा, कर्ण शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी
ये भी पढ़ें : यूपी टी-20 लीग की मिनी नीलामी में 250 से अधिक खिलाड़ियों पर लगेगी बोली
ये भी पढ़ें : यूपीटी20 सिर्फ लीग नहीं, यूपी की क्रिकेट प्रतिभा का उत्सव : डॉ. संजय कपूर
ये भी पढ़ें : यूपी टी-20 लीग : चौथे सीजन के लिए छहों टीमों का सपोर्ट स्टाफ घोषित
ये भी पढ़ें : यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का शंखनाद, उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च
ये भी पढ़ें : काशी रुद्रास और मेरठ मेवरिक्स के मैच से होगा यूपी टी20 लीग का आगाज
उत्तर प्रदेश बहुत बड़ा राज्य है और अलग-अलग शहरों में मैच होने से प्रशंसकों का अपनी टीमों से जुड़ाव बढ़ेगा। इससे टूर्नामेंट की लोकप्रियता में और इजाफा होगा।”
यूपीटी20 लीग के चौथे संस्करण का उद्घाटन समारोह और शुरुआती चरण के मुकाबले लखनऊ स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां प्लेऑफ मुकाबलों और फाइनल सहित शेष मैच खेले जाएंगे।
क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर मुकाबले 3 सितंबर को, क्वालीफायर-2, 4 सितंबर को आयोजित होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में खेला जाएगा। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल-हेडर और 8 सिंगल-हेडर मैच शामिल हैं।









