आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र की मिनी नीलामी शुक्रवार को आगरा में होगी, जिसमें 250 से अधिक खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने गुरुवार को ताज कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस बार की मिनी नीलामी में फ्रेंचाइजियां विभिन्न श्रेणियों के खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ेंगी, जिससे आगामी सत्र के लिए टीमें और अधिक संतुलित एवं प्रतिस्पर्धी बन सकेंगी।
डॉ. कपूर ने बताया कि मिनी नीलामी का संचालन ऑक्शनर अंगद बेदी करेंगे। नीलामी में 250 से अधिक खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। इनमें 10 खिलाड़ियों का आधार मूल्य पांच लाख रुपये, 45 खिलाड़ियों का आधार मूल्य साढ़े तीन लाख रुपये तथा शेष खिलाड़ियों का आधार मूल्य ढाई लाख रुपये निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि छहों फ्रेंचाइजियों के पास खिलाड़ियों की खरीद के लिए पर्याप्त पर्स राशि उपलब्ध है। गोरखपुर लायंस के पास 55.90 लाख रुपये, नोएडा सुपर किंग्स के पास 80.60 लाख रुपये,
मेरठ मावेरिक्स के पास 28.70 लाख रुपये, लखनऊ फाल्कंस के पास 30.20 लाख रुपये, काशी रुद्रास के पास 47.15 लाख रुपये तथा कानपुर सुपरस्टार्स के पास 60 लाख रुपये उपलब्ध हैं।
डॉ. कपूर ने बताया कि यूपी टी-20 लीग का चौथा सत्र 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन दो शहरों लखनऊ और कानपुर में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में लीग के प्रारूप का विस्तार करते हुए प्रदेश के अन्य शहरों में भी मुकाबले आयोजित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग का आयोजन आईपीएल की तर्ज पर किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा और दर्शकों को भी पेशेवर क्रिकेट का रोमांच देखने का अवसर मिलेगा। लीग का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : यूपीटी20 सिर्फ लीग नहीं, यूपी की क्रिकेट प्रतिभा का उत्सव : डॉ. संजय कपूर
ये भी पढ़ें : यूपी टी-20 लीग : चौथे सीजन के लिए छहों टीमों का सपोर्ट स्टाफ घोषित
ये भी पढ़ें : यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का शंखनाद, उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च
ये भी पढ़ें : काशी रुद्रास और मेरठ मेवरिक्स के मैच से होगा यूपी टी20 लीग का आगाज
डॉ. कपूर ने यह भी बताया कि यूपी टी-20 लीग की तर्ज पर महिला टी-20 लीग शुरू करने की दिशा में भी तैयारी चल रही है। उनका कहना था कि यह पहल प्रदेश की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बड़ा मंच उपलब्ध कराएगी।
प्रेस वार्ता में डॉ. संजय कपूर ने मीडिया के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए लीग की तैयारियों, मिनी नीलामी की प्रक्रिया और आगामी सत्र की रूपरेखा की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में जिला क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन, उपाध्यक्ष राजेश सहगल, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह तथा उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया चेयरमैन मोहम्मद फहीम भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मोहम्मद फहीम ने मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।













