टेक महिंद्रा और फिडे की संयुक्त पहल ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) में गैंजेस ग्रैंडमास्टर्स ने शनिवार को बेंगलुरु में पीबीजी अलास्कन नाइट्स के खिलाफ हार के बावजूद फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
वहीं गत चैंपियन एल्पाइन एपीएल पाइपर्स को फाइनल में पहुंचने के लिए अंतिम लीग मुकाबले के नतीजे का इंतजार करना होगा। पाइपर्स को दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स अंतिम लीग मुकाबले में चेक मुंबई मास्टर्स को हराकर और नौ गेम अंक हासिल कर फाइनल में जगह बना सकती है
एल्पाइन एपीएल पाइपर्स और गैंजेस ग्रैंडमास्टर्स दोनों अंतिम राउंड-रॉबिन मुकाबलों में 18-18 मैच अंकों के साथ उतरी थीं। अंक तालिका में निचले स्थान पर मौजूद टीमों के खिलाफ जीत उन्हें फाइनल में पहुंचाने के लिए पर्याप्त होती।

हालांकि, दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने पाइपर्स को हराकर फाइनल की दौड़ को पूरी तरह रोमांचक बना दिया। वह सीजन-4 में पाइपर्स को दोनों मुकाबलों में हराने वाली पहली टीम बनी। उसने दिन के पहले मुकाबले में पाइपर्स को 11-6 से शिकस्त दी।
इस हार के बाद गैंजेस ग्रैंडमास्टर्स को पीबीजी अलास्कन नाइट्स के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए फाइनल में पहुंचने के लिए केवल एक गेम अंक की जरूरत रह गई थी।
बेहतर गेम अंक के आधार पर फाइनल में जगह बनाने के लिए यह लक्ष्य पर्याप्त था। गैंजेस ने यह लक्ष्य हासिल कर लिया। आइकन बोर्ड पर इयान नेपोम्नियाश्ची ने विश्वनाथन आनंद के खिलाफ बाजी ड्रॉ कराई, जबकि स्तावरोउला त्सोलाकिदोउ ने नीनो बात्सियाश्विली को हराकर ग्रैंडमास्टर्स को बढ़त दिला दी।
हालांकि, प्रोडिजी बोर्ड पर प्लेयर ऑफ द मैच अभिमन्यु मिश्रा ने 32 चालों में ल्यूक लियोन मेंडोंका को मात दी। इसके बाद समय के बेहद दबाव वाले मुकाबले में ग्रैंडमास्टर्स के लिए लीनियर डोमिंग्वेज पेरेज को हार का सामना करना पड़ा। तेज खेलने की कोशिश में कुछ मोहरे गिर जाने के बाद वह समय से हार गए।
इससे पहले एल्पाइन एपीएल पाइपर्स और त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स के मुकाबले में पाइपर्स ने शुरुआती मिनटों में अच्छा प्रदर्शन किया और ऐसा लग रहा था कि वह जीत की ओर बढ़ रही है। लेकिन अरविंद चितंबरम ने विदित गुजराती के सफेद राजा पर लगातार दबाव बनाना शुरू कर दिया। अंत में समय के दबाव के बावजूद अरविंद ने स्थिति को अपने पक्ष में कर लिया और 36 चालों में मुकाबला जीत लिया।
लेकिन पाइपर्स की राह में सबसे बड़ी बाधा अलीरेजा फिरोजा बने। फ्रांस के इस खिलाड़ी ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को 49 चालों के बाद हार मानने पर मजबूर कर दिया। यह प्रतियोगिता में कार्लसन की पहली हार और फिरोजा की पहली जीत थी। इस जीत ने उनकी टीम के कम से कम तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को भी जीवित रखा।
प्रोडिजी बोर्ड पर वोलोदार मुर्जिन की प्रणव वी के खिलाफ जीत का मतलब रहा कि पाइपर्स ने कम से कम छह गेम अंक हासिल कर लिए और फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं।
फिरोजा ने कहा, “यह अच्छा मुकाबला था। एक तेज और कठिन ओपनिंग के बाद मुझे कुछ अच्छे चालें मिलीं। जब हम समय के दबाव में पहुंचे तो मैं दबाव बनाने और बाजी जीतने में सफल रहा। एक टीम के रूप में हमने आज बहुत अच्छा खेला और उनके लिए दूसरी बार खिताब जीतना मुश्किल बना दिया।”
अब फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स के पास पाइपर्स को पीछे छोड़कर फाइनल में पहुंचने का मौका है। यदि वह दिन के अंतिम लीग मुकाबले में चेक मुंबई मास्टर्स को हराकर कम से कम नौ गेम अंक हासिल कर लेती है, तो वह फाइनल में जगह बना लेगी।













