बेंगलुरु : खलिन जोशी ने तीन-अंडर 69 का स्कोर बनाकर कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन (केजीए) में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले बेंगलुरु ओपन 2026 पावर्ड बाय इंडियन ऑयल के तीसरे राउंड के बाद तीन शॉट की बढ़त बरकरार रखी।
दिन की शुरुआत छह शॉट की बढ़त के साथ करने वाले बेंगलुरु के 34 वर्षीय जोशी (61-68-69) ने पार-5 पांचवें होल पर एक ईगल और तीन बर्डी लगाईं, जबकि दो बोगी कीं। वह 18-अंडर 198 के कुल स्कोर के साथ अंतिम राउंड में उतरेंगे।
गुरुग्राम के मनुगंडास (69-68-64), जो 2023 में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग चैंपियन रहे थे, ने बोगी-मुक्त आठ-अंडर 64 के साथ दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। गंडास संयुक्त तीसरे स्थान से ऊपर उठकर 15-अंडर 201 के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए और उन्होंने जोशी की बढ़त को तीन शॉट तक सीमित कर दिया।
रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में फिलहाल 20वें स्थान पर मौजूद गंडास ने आठ बर्डी लगाईं, जिनमें 10वें से 12वें होल तक लगातार तीन बर्डी शामिल रहीं। रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे ग्रेटर नोएडा के सप्तकतलवार (67-70-68) ने पांच बर्डी और एक बोगी की मदद से चार-अंडर 68 का स्कोर बनाया। वह 11-अंडर 205 के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
गुरुग्राम के वीर अहलावत (68-69-69) और स्थानीय युवा खिलाड़ी मनोजएस (65-70-71) ने 10-अंडर 206 के साथ संयुक्त चौथा स्थान साझा किया। तेज होती हवा, अधिक तेज ग्रीन और मुश्किल फ्लैग पोजिशन के कारण जोशी के लिए तीसरा राउंड पिछले दो दिनों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण रहा।
जोशी ने कहा, “यह एक चुनौतीपूर्ण राउंड था। मैंने गेंद को विशेष रूप से अच्छी तरह हिट नहीं किया, लेकिन राउंड को संभाले रखा और खुद को टूर्नामेंट की दौड़ से बाहर नहीं होने दिया। मैं अब भी मजबूत स्थिति में हूं और कल के राउंड का इंतजार कर रहा हूं।”
पांचवें होल पर ईगल उनके राउंड का मुख्य आकर्षण रहा। उनका टी शॉट मामूली अंतर से हैजार्ड में जाने से बच गया। इसके बादले-अप करने के बाद उन्होंने 94 गज से लॉबवेज शॉट सीधे होल में डाल दिया। उन्होंने कहा, “हवा सामने से चल रही थी, इसलिए मैंने इसे 102 गज का शॉट मानकर खेला। मुझे पता था कि होल के पीछे ढलान है।
गेंद पिन के आगे गिरी, बैक स्पिन होकर लौटी और होल में चली गई।” जोशी ने बाद में एक होल पर तीन पट किए। इसके बाद 15वें होल पर उनका ड्राइव बंकर में धंसी हुई स्थिति में पहुंचा, जिससे उन्होंने एक और शॉट गंवाया। उन्होंने नुकसान को बोगी तक सीमित रखा और अंतिम दो होल पर बर्डी लगाकर शानदार वापसी की।
जोशी ने कहा, “तीन पट का कारण खराब पहला पट और उसके बाद एकाग्रता में मामूली कमी थी। मैंने 15वें होल पर अच्छा टी शॉट नहीं लगाया और गेंद की स्थिति भी मुश्किल थी, लेकिन वहां अच्छी बोगी बनाई। इसके बाद अंतिम दो होल पर बर्डी लगाकर राउंड का मजबूत समापन किया।”
केजीए में पांचवें होल से महत्वपूर्ण तीन होल का जोखिम और इनाम वाला चरण शुरू होता है। पार-5 पांचवें होल पर दो शॉट में ग्रीन तक पहुंचा जा सकता है, लेकिन दोनों ओर पानी और पेड़ों का खतरा रहता है। छठा और सातवां लंबे पार-4 होल हैं तथा छठे पर पानी भी खेल में आता है। लंबा पार-4 नौवां होल भी खिलाड़ियों की कड़ी परीक्षा लेता है।
छोटा पार-4 10वां और हवा की दिशा में खेला जाने वाला छोटा पार-5 11वां होल अच्छे स्कोर के प्रमुख अवसर देते हैं। इसके विपरीत, अंतिम होल का चरण अधिक चुनौतीपूर्ण है। संकरे पार-4 17वें होल पर ऊंचाई पर स्थित ग्रीन है, जबकि पेड़ों से घिरे पार-5 18वें होल पर रणनीतिक रूप से लगाए गए बंकर मुश्किल बढ़ाते हैं।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान हवा एक महत्वपूर्णकारक रही है। प्रतियोगिता से पहले हुई बारिश ने फेयरवे को नरम कर दिया, जिससे टी शॉट के बाद गेंद को अधिक रोल नहीं मिल रहा। बारिश के बावजूद केजीए की ग्रीन की पिंग टीम की शानदार मेहनत के कारण ग्रीन मजबूत और बेहतरीन बनी हुई हैं तथा स्टिम्पमीटर पर उनकी गति 11 है।
मनुगंडास ने ग्रीन पर मिले अवसरों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए जोशी से अंतर कम किया। गंडास ने कहा, “पिछले तीन दिनों से मैं खुद को काफी बर्डी के मौके दे रहा हूं। आज अंतर यह रहा कि मैंने उनमें से अधिक अवसरों को भुनाया। यह संतुलित राउंड था और लगातार दूसरे दिन बोगी-मुक्त खेलना विशेष रूप से संतोषजनक रहा।”
दूसरे और 12वें होल पर लंबे बर्डी पटने उनके राउंड की गति बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। गंडास ने कहा, “दोनों पट ठीक उसी तरह आगे बढ़े जैसा मैंने उन्हें अपने मन में देखा था। उनपट के होल होने से राउंड सही दिशा में आगे बढ़ता रहा।”
गंडास ने केजीए में अपने पुराने अनुभव से भी आत्मविश्वास हासिल किया। वह जूनियर करियर के दौरान इस कोर्स पर कई सफलताएं हासिल कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “इस कोर्स से मेरी कई शानदार यादें जुड़ी हैं, जिनमें जूनियर के रूप में मिली कुछ जीत भी शामिल हैं। कोर्स बेहतरीन स्थिति में है और अंतिम राउंड से पहले खिताब की दौड़ में बने रहना सुखद है।”
स्थानीय खिलाड़ी चिक्कारंगप्पा ने अपने 73 के राउंड के दौरान 13वें होल पर होल-इन-वन बनाया। वह एक-ओवर 217 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 33वें स्थान पर हैं। बेंगलुरु ओपन 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष 60 खिलाड़ियों के तय होने से पहले आखिरी टूर्नामेंट है।
इस प्रतियोगिता के बाद शीर्ष 60 में रहने वाले खिलाड़ी 2026-27 सत्र के लिए अपने खेलने का अधिकार बरकरार रखेंगे। पांचवें संस्करण के लिए लौट रहे बेंगलुरु ओपन को पावर्ड बाय पार्टनर इंडियन ऑयल तथा इवेंट पार्टनर्स हिल्टन बेंगलुरु एम्बेसी गोल्फ लिंक्स और हिमालयन का सहयोग प्राप्त है।
टूर्नामेंट को डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अम्ब्रेला पार्टनर डीपी वर्ल्ड के साथ टूर पार्टनर्स एचसीएल, अमूल, एक्सिसबैंक, अमृतांजन एनरलाइट, एयर इंडिया महाराजा क्लब, कल्याणी, गोल्फ प्लस मंथली और गोल्फ डिजाइन इंडिया का भी समर्थन प्राप्त है।











