लखनऊ। गोमतीनगर के विशालखंड इलाके में सीवर मैनहोल को कूड़ा डंप करने के लिए इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। मैनहोल का ढक्कन हटाकर उसमें बड़ी मात्रा में ठोस कचरा डाले जाने से सीवर लाइन में पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है। इसके चलते सड़क पर गंदा पानी भरने की समस्या पैदा हो रही है।
सुएज इंडिया के ऑपरेशन मैनेजर सोनपाल शर्मा ने बताया कि टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो मैनहोल का ढक्कन हटा हुआ मिला। मैनहोल के अंदर बड़ी मात्रा में कूड़ा डाला गया था। उन्होंने बताया कि ठोस कचरा सीवर लाइन में पहुंचने के कारण पानी के प्रवाह में रुकावट आ रही थी और इसके चलते सीवर का पानी सड़क पर भर गया था।
उन्होंने बताया कि सीवर मैनहोल में ठोस कचरा डालने से सीवर लाइन की सफाई की आवश्यकता बढ़ जाती है। इसके साथ ही ऑपरेशन और रखरखाव के लिए अतिरिक्त संसाधनों का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे सीवर व्यवस्था के सामान्य संचालन पर भी असर पड़ता है।
सोनपाल शर्मा ने लोगों से अपील की कि सीवर मैनहोल में किसी भी तरह का ठोस कचरा न डालें। कूड़े का निस्तारण निर्धारित स्थान पर ही किया जाए, ताकि सीवर लाइन में अवरोध की समस्या न हो और क्षेत्र में जलभराव की स्थिति से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें : विश्वकर्मा पूजा पर सुएज ने लिया सुरक्षित और बेहतर सेवा का संकल्प












