राष्ट्रीय रोइंग कैंप के लिए यूपी के चार खिलाड़ी चयनित

0
33

लखनऊ। दिसंबर में पुणे में होने वाली एशियन अंडर 19 एवं अंडर 23 रोइंग चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए आयोजित राष्ट्रीय रोइंग कोचिंग कैंप में उत्तर प्रदेश के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

पुणे के आर्मी रोइंग नोड में 7 से 31 अक्टूबर तक होने वाले कैंप के लिए चुने गए देश भर के चुनिंदा 80 रोअर्स में अंडर-19 वर्ग में यूपी के दीपक कुमार, यश कुमार यादव, हरिनाथ यादव और प्रवीण कुमार को चुना गया है। चयनित खिलाड़ी कैंप में अभ्यास के लिए पुणे पहुंच गए है।

रामगढ़ ताल में करते हैं अभ्यास

उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव और रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा ने बताया कि चयनित चारों खिलाड़ी गोरखपुर के रामगढ़ ताल में अभ्यास करते हैं।

इन खिलाड़ियों का चयन इस साल मई में गोरखपुर में हुई नेशनल जूनियर रोइंग चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। आरएफआई की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय कैंप में अंडर 19 एवं अंडर 23 पुरुष खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। कैंप 7 से 31 अक्टूबर तक पुणे के आर्मी रोइंग नोड में आयोजित होगा।

कैंप में शामिल दीपक कुमार अलीगढ़, यश कुमार यादव आजमगढ़, हरिनाथ यादव देवरिया और प्रवीण कुमार हापुड़ के रहने वाले हैं। इस चौकड़ी ने गोरखपर में हुई 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में यूपी के लिए बालक क्वाड्रुपल स्कल में स्वर्ण पदक जीता था।

एशियन चैंपियनशिप के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी

सुधीर शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के चारों चयनित खिलाड़ी अंडर 19 वर्ग के हैं। वहीं अंडर 23 वर्ग के खिलाड़ियों का चयन जून में पुणे में हुई अंडर 23 एवं प्रथम पैरा नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के माध्यम से किया गया है। वहीं चैंपियनशिप के लिए महिला वर्ग के खिलाड़ियों का कैंप भोपाल में आयोजित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय कैंप में दोनों आयु वर्ग के खिलाड़ियों को दिसंबर में होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए तैयार किया जाएगा। कैंप में खिलाड़ियों की तैयारियों और प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम के लिए बेहतर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो एशियन चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।

यूपी के खिलाड़ियों को चयन पर बधाई

यूपी के खिलाड़ियों के राष्ट्रीय कैंप में चयन पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय सहित उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के संरक्षक पवन सिंह चौहान (एमएलसी), अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह (एमएलए), चेयरमैन रेणुका मिश्रा (आईपीएस), चयन समिति के चेयरमैन आदित्य मिश्रा (सेवानिवृत्त आईपीएस) तथा संरक्षक मंडल के सदस्य डॉ. आरपी सिंह (सेवानिवृत्त आईपीएस), राजीव त्रिवेदी (सेवानिवृत्त आईपीएस), विनोद कुमार सिंह (आईपीएस), डॉ. आरके स्वर्णकार (आईपीएस) और दीपक कुमार (आईपीएस) ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एशियन चैंपियनशिप के लिए अहम चरण होगा कैंप

रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी के अनुसार, पुणे में होने वाला राष्ट्रीय कैंप दिसंबर में प्रस्तावित एशियन अंडर-19 व अंडर-23 रोइंग चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए अहम होगा। भारत पहली बार इस चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है, जिसका आयोजन 1 से 7 दिसंबर 2026 तक पुणे के आर्मी रोइंग नोड में किया जाएगा।

शुभाशीष मुखर्जी के अनुसार, राष्ट्रीय कैंप में चयनित खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनकी तैयारियों की परख की जाएगी। कैंप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

सर्विसेज के सर्वाधिक 19 खिलाड़ी

रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बालाजी मरादप्पा ने बताया कि राष्ट्रीय कैंप के लिए चयनित 80 खिलाड़ियों में सर्विसेज के सबसे ज्यादा 19 खिलाड़ी हैं। मध्य प्रदेश के 12, ओडिशा के 10, जबकि हरियाणा, केरल और बीएससी के आठ-आठ खिलाड़ी शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश, नेवी और महाराष्ट्र के चार-चार, चंडीगढ़ के दो तथा असम के एक खिलाड़ी को कैंप में जगह मिली है। कैंप में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए सर्विसेज के पी. लावा कुमार, जेगन एस. और सोनू लक्ष्मीनारायण, बीएससी के यासिन खान तथा साई अंडमान के मनीष तिवारी को बुलाया गया है।

कैंप के लिए चयनित खिलाड़ी

अंडर-23 आयु वर्ग

सर्विसेज: प्रवीण सिंह, अजय, प्रतीक निषाद, सचिन, हर्ष चौधरी, रणदीप सिंह, राकेश सैनी, भूपेंद्र सिंह, सूरज सिंह, आशीष, साहिल, प्रदीप कुमार, लावी चौधरी, प्रवीण, कपिल राणा, रिशु दहिया, हिमांशु, रवि बेडवाल, नितिन कुमार
हरियाणा: जेम्स चहल
ओडिशा: राहुल राठौर, अविराज, हंसराज, आर्यन पंवार, प्रियांशु, सुमित चौधरी, सौरभ, विशाल, अंकित, कपीश कुमार
केरल: अदिनाथ टीजे, अभिन ऑगस्टीन एंटो, अजेश वीएस, सचु सुरेश
मध्य प्रदेश: फैजल खान, आदित्य, हर्ष प्रताप सिंह जाट, देवराज रावत
नेवी: सिंदर, वेदांश तेहरिया, गौरव कुमार, प्रभाकर सिंह राजावत
महाराष्ट्र: दर्शन गावली, राम शेलके, कृष्णा शेलके, ऋषिकेश शेलके
चंडीगढ़: युवराज सिंह पंवार, जसपाल सिंह

अंडर-19 आयु वर्ग

हरियाणा: नितिन, करण सहारण, अरमान, नितिन, अरमान लोहान, गगन
केरल: गौतम कृष्णा आर, अधिल ऑगस्टीन, तलवार सिंह लॉर
मध्य प्रदेश: राज कमारिया, श्लोक डांगी, हरिओम, अरुण गुर्जर, अयान यादव, अनुराग वर्मा, ऋषभ जोशी, तनीष
असम: फरहान अली
बीएससी: राजन, प्रतीक निषाद, नितिन कुमार, जसवंत सिंह, इशु सतपाल, संदीप सांगवान, मोहित, सागर
उत्तर प्रदेश: दीपक कुमार, यश कुमार यादव, हरिनाथ यादव, प्रवीण कुमार

अंडर-19 एवं अंडर-23 आयु वर्ग

हरियाणा: सक्षम
केरल: हृषि एम. नायर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here