शुभांकर शर्मा ने 65 के साथ बनाई चार शॉट की बढ़त

0
58

ग्रेटर नोएडा। जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट में खेले जा रहे दो करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले विश्वसमुद्र प्रेजेंट्स कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप पावर्ड बाय नालको में शुभांकर शर्मा ने दूसरे दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात अंडर 65 का स्कोर बनाया।

कपिल देव इनविटेशनल के दूसरे दौर में 11 अंडर 133 के स्कोर के साथ शीर्ष पर पहुंचे

इसके साथ ही उन्होंने कुल 11 अंडर 133 के स्कोर के साथ चार शॉट की बढ़त हासिल कर ली। चंडीगढ़ के 30 वर्षीय शुभांकर (68, 65) ने दूसरे दौर की शुरुआत पहले दौर के अग्रणी शौर्य भट्टाचार्य से दो शॉट पीछे रहकर की थी।

उन्होंने एक ईगल, सात बर्डी और दो बोगी के साथ सात अंडर 65 का कार्ड खेला। डीपी वर्ल्ड टूर पर दो बार के विजेता शुभांकर ने इसी साल अप्रैल में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के बोल्डर्स क्लासिक का खिताब जीतकर पेशेवर स्तर पर आठ साल के खिताबी इंतजार को खत्म किया था।

ब्रशवर पाल दूसरे, शौर्य तीसरे स्थान पर

चंडीगढ़ के ब्रशवर पाल सिंह (72, 65) ने भी दूसरे दौर में सात अंडर 65 का स्कोर बनाया। उन्होंने आठ बर्डी और एक बोगी के साथ दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर दर्ज किया और संयुक्त 11वें स्थान से छलांग लगाकर सात अंडर 137 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

पहले दौर के अग्रणी दिल्ली के शौर्य भट्टाचार्य (66, 72) ने तीन बर्डी और तीन बोगी के साथ इवन पार 72 का कार्ड खेला। उनका कुल स्कोर छह अंडर 138 रहा और वह तीसरे स्थान पर खिसक गए।

इस सत्र में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर चार खिताब जीत चुके बेंगलुरु के खलीन जोशी (72, 67) ने भी शानदार वापसी की। वह संयुक्त 11वें स्थान से आगे बढ़कर पांच अंडर 139 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए।

उनके 67 के दौर में पार पांच चौथे होल पर ईगल के अलावा पांच बर्डी और दो बोगी शामिल रहीं। खलीन ने इस सप्ताह की शुरुआत रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर रहते हुए की थी।

बॉल स्ट्राइकिंग से शुभांकर उत्साहित

दूसरे दौर के बाद शुभांकर अपने बॉल स्ट्राइकिंग पर नियंत्रण से खासे उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह में उनके खेल में कोई बड़ी कमी नहीं थी, लेकिन विभिन्न पहलुओं को एक साथ जोड़ने में परेशानी हो रही थी।

दूसरे दौर में उनकी गेंद पर पकड़ और शॉट चयन दोनों बेहतर रहे। पार पांच चौथे होल पर उनका ईगल राउंड का मुख्य आकर्षण रहा। ड्राइव से फेयरवे के बाएं हिस्से में पहुंचने के बाद उन्होंने करीब 212 गज की दूरी से छह आयरन खेला और गेंद को होल से लगभग 18 फुट दूर पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने ईगल पुट सफल किया।

शुभांकर ने अंतिम होल पर भी अपना अप्रोच शॉट करीब पांच फुट की दूरी तक पहुंचाया, हालांकि वह बर्डी पुट को होल में नहीं डाल सके। इसके बावजूद उनका दूसरा दौर बेहद प्रभावशाली रहा।

कपिल देव के योगदान की सराहना

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष बनने के बाद शुभांकर ने भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव के टूर में योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि कई नए प्रायोजक टूर से जुड़े हैं और आयोजन, सोशल मीडिया तथा खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं में लगातार सुधार हुआ है। उनके अनुसार प्लेयर्स लाउंज की शुरुआत भी टूर में हुए सकारात्मक बदलावों का उदाहरण है।

हाल ही में हैदराबाद में एक प्रो एम के दौरान कपिल देव के साथ खेल चुके शुभांकर ने कहा कि चंडीगढ़ से जुड़ाव के कारण दोनों के बीच बातचीत काफी सहज रहती है। उन्होंने कहा कि भारत के बड़े खेल सितारों में शामिल होने के बावजूद कपिल लगातार गोल्फ को बढ़ावा देने और खेल को आगे ले जाने के तरीके तलाशते रहते हैं।

सप्तक संयुक्त 31वें स्थान पर

रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार (75, 72) ने दूसरे दौर में इवन पार 72 का स्कोर बनाया। वह तीन ओवर 147 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 36वें से संयुक्त 31वें स्थान पर पहुंच गए।

गुरुवार को आयोजित प्रो एम प्रतियोगिता में पेशेवर शुभांकर शर्मा और एमेच्योर राजीव गुप्ता की टीम ने 48 स्टेबलफोर्ड अंकों के साथ जीत दर्ज की।

ये भी पढ़ें : शौर्य भट्टाचार्य का शानदार आगाज, 66 के स्कोर से शीर्ष पर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here