आर्चरी प्रीमियर लीग : चोला चीफ्स की रणनीति रही सफल, काकतीय नाइट्स को हराकर दर्ज की सीजन-2 की पहली जीत

0
26
Picture Credit – Archery Premier League

हैदराबाद: चोला चीफ्स ने आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) सीजन-2 में अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए शुक्रवार को काकतीय नाइट्स को 6-2 से हराया।

चीफ्स ने हर सेट की शुरुआत में अपने कंपाउंड तीरंदाजों के जरिए दबाव बनाने की रणनीति अपनाई, जो सफल रही। टीम की ओर से एपीएल में पदार्पण करने वाली कोलंबिया की अलेजांद्रा उस्कियानो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी आठ तीरों पर 10-10 अंक हासिल किए।

एपीएल में पदार्पण कर रहीं कोलंबिया की अलेजांद्रा उस्कियानो ने सभी आठ तीरों पर 10 अंक हासिल किए, चीफ्स की रणनीति ने दिलाई जीत

इस जीत के बाद दोनों टीमों के खाते में दो मैचों में एक जीत और एक हार हो गई है। भारतीय तीरंदाजी संघ की पहल पर शुरू हुई दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग एपीएल में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें 36 भारतीय और 12 शीर्ष अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सहित कुल 48 खिलाड़ी शामिल हैं।

Picture Credit – Archery Premier League

हैदराबाद के पीपुल्स प्लाजा में आयोजित हो रही इस लीग का समापन 18 अक्टूबर को होगा। शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में भिड़ेंगी, जिसके बाद खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

मुकाबले के पहले सेट से ही चोला चीफ्स की रणनीति स्पष्ट नजर आई। टीम ने अपने दोनों कंपाउंड तीरंदाजों ऋषभ यादव और अलेजांद्रा उस्कियानो से पहले ही हाफ में उनके दोनों तीर चलवाए। इसका फायदा मिला और चीफ्स ने शुरुआती आठ तीरों में 40 में से पूरे 40 अंक हासिल किए। इससे काकतीय नाइट्स पर स्कोर का दबाव बढ़ गया। नाइट्स ने हालांकि अपनी नियमित रणनीति के अनुसार दो कंपाउंड और दो रिकर्व तीरंदाजों को बारी-बारी से उतारा।

दूसरे सेट में भी चीफ्स के कंपाउंड तीरंदाजों ने पूरे 40 अंक हासिल किए। दूसरी ओर, नाइट्स के नीरज चौहान को अपना आखिरी तीर चलाने के लिए बहुत कम समय मिला और वह केवल पांच अंक ही हासिल कर सके। चीफ्स ने इस सेट में कुल 76 अंक जुटाकर 4-0 की बढ़त बना ली।

Picture Credit – Archery Premier League

पहले दिन माइटी मराठाज के खिलाफ 0-4 से पिछड़ने के बाद वापसी कर चुकी काकतीय नाइट्स ने तीसरे सेट में फिर संघर्ष करने का जज्बा दिखाया। नीरज ने अपने पिछले शॉट की भरपाई करते हुए आठवें तीर पर शानदार 10 अंक हासिल किए। दूसरी ओर, चीफ्स के मार्कस डी’अल्मेडा केवल तीन अंक ही जुटा सके। यदि वह नौ अंक हासिल करते, तो चीफ्स मुकाबला जीत जाते। नाइट्स ने यह सेट 76-70 से जीतकर वापसी की उम्मीद जगाई।

हालांकि, चौथे सेट में चोला चीफ्स ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने 80 में से 79 अंक हासिल किए। कंपाउंड तीरंदाजों की शानदार लय के साथ रिकर्व तीरंदाज दीपिका कुमारी और मार्कस डी’अल्मेडा ने भी अपना कौशल दिखाया। चीफ्स ने यह सेट 79-76 से जीतकर मुकाबला 6-2 से अपने नाम कर लिया।

लीग के तीसरे दिन की शुरुआत माइटी मराठाज और चोला चीफ्स के मुकाबले से होगी। इसके बाद पृथ्वीराज योधाज का सामना चेरो आर्चर्स से होगा। दिन के अंतिम मुकाबले में गत चैंपियन राजपूताना रॉयल्स की भिड़ंत काकतीय नाइट्स से होगी। एपीएल का सीधा प्रसारण सोनी लिव, दूरदर्शन, भारतीय तीरंदाजी संघ के यूट्यूब चैनल और आर्चरी प्लस पर किया जा रहा है। मुकाबलों के टिकट जोमैटो के डिस्ट्रिक्ट मंच पर उपलब्ध हैं।

लीग से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट: https://archerypremierleague.co.in/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here