माधव कौशिक का 150 और रिंकू सिंह का शतक, यूपी ने बिहार के गेंदबाजों को तरसाया

0
25
साभार : गूगल

रणजी ट्रॉफी एलीट सीजन 2026–27 के तहत बिहार के नालंदा स्थित राजगीर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच मुकाबला हो रहा है. मैच के दूसरे दिन यूपी ने पहली पारी में 540 रन बनाए. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिहार ने पहली पारी में 18 ओवर में 2 विकेट पर 44 रन बना लिया है. बिहार अभी भी 496 रन पीछे है और अभी आठ विकेट शेष हैं.

यूपी ने दूसरे दिन पारी पहले दिन के स्कोर 287/3 से आगे बढ़ाई. पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज रिंकू सिंह और माधव कौशिक ने शानदार खेल दिखाया. हालांकि, रिंकू सिंह दिन के दूसरे ही ओवर में आउट हो गए लेकिन पवेलियन लौटने से पहले उन्होंने 112 रनों की बेहतरीन पारी खेली. क्रीज पर रहते हुए ओपनर माधव कौशिक ने 150 रनों की पारी खेली.

रिंकू और माधव के पवेलियन लौटने के बाद भी यूपी के बल्लेबाजों का दबदबा कायम रहा. आराध्य यादव और जीशान अंसारी ने बिहार के गेंदबाजों को कोई राहत नहीं दी और शतकीय साझेदारी की. आराध्य यादव ने 84 रन बनाए. जीशान अंसारी ने भी 58 रनों की शानदार पारी खेली. अंत में 11वें नंबर के बल्लेबाज अभिनंदन सिंह ने आते ही आक्रामक रुख अपनाया और 43 रन बनाए.

बिहार की गेंदबाजी की बात करें तो अमोद यादव ने 29.1 ओवर में 6 मेडन फेंकते हुए 91 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. स्पिनर सूरज कश्यप ने 43 ओवर में 9 मेडन फेंककर 100 रन दिए और 3 विकेट झटके. कप्तान साकिबुल गनी ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 36 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. हिमांशु सिंह ने 34 ओवर में 156 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि मो. इजहार और रघुवेंद्र सिंह काफी महंगे साबित हुए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली.

यूपी के 540 रनों के जवाब में बिहार की शुरुआत अच्छी नहीं रही. मंगल महरौर 25 रन बनाकर कार्तिक त्यागी की गेंद पर अभिषेक गोस्वामी को कैच दे बैठे. तीसरे नंबर पर आए आयुष लोहारुका अपना खाता भी नहीं खोल सके और मात्र 3 गेंद खेलकर कर्ण शर्मा की गेंद पर विकेटकीपर आर्यन जुयाल के हाथों कैच आउट हो गए.

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिहार से ओपनर पीयूष कुमार सिंह 15 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं और अमोद यादव 1 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं.

चार दिवसीय इस प्रथम श्रेणी मुकाबले के तीसरे दिन का खेल दोनों टीमों के लिए अत्यंत निर्णायक होगा. बिहार के बल्लेबाजों के सामने यूपी के गेंदबाजों, खासकर स्पिनरों के खिलाफ धैर्य, एकाग्रता और लंबी साझेदारियां बनाने की बड़ी चुनौती है. वहीं, यूपी के गेंदबाज जल्द विकेट चटकाकर बिहार को सस्ते में समेटने और फॉलो-ऑन के लिए मजबूर करने की कोशिश करेंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here