उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी के नए सत्र में अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को पारी और 267 रन से करारी शिकस्त दी। नए कप्तान आर्यन जुयाल और कोच ज्ञानेंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में उतरी यूपी की टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में बिहार को पूरी तरह पछाड़ दिया।
इस जीत से उत्तर प्रदेश को सात अंक मिले। मुकाबले में 150 रन की शानदार पारी खेलने वाले माधव कौशिक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
माधव कौशिक के 150 व रिंकू सिंह के 112 रन, यूपी का बड़ा स्कोर, गेंदबाजों ने भी बरपाया कहर
बिहार के राजगीर स्थित स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 540 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। माधव कौशिक ने 150 रन बनाकर पारी को मजबूती दी, जबकि रिंकू सिंह ने 112 रन की शतकीय पारी खेली।
आराध्य यादव ने 84 और जीशान अंसारी ने 58 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत यूपी ने बिहार पर बड़ा दबाव बना दिया। विशाल स्कोर के जवाब में बिहार की पहली पारी 141 रन पर सिमट गई।
उत्तर प्रदेश की ओर से कार्तिक यादव और करन शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट झटके। इस तरह बिहार की टीम पहली पारी में 399 रन से पिछड़ गई।
फॉलोऑन में भी नहीं संभली बिहार की टीम
पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल करने के बाद उत्तर प्रदेश ने बिहार को फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में भी बिहार के बल्लेबाज यूपी के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके और पूरी टीम 132 रन पर ढेर हो गई।
इस पारी में जीशान अंसारी ने चार विकेट लेकर बिहार की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। करन शर्मा ने तीन और कार्तिक यादव ने दो विकेट हासिल किए।
इस तरह उत्तर प्रदेश ने मुकाबला पारी और 267 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर सत्र में जीत के साथ शुरुआत की। यूपी का अगला मुकाबला 18 अक्टूबर से गोवा के खिलाफ ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां टीम अपनी जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।
ये भी पढ़ें : यूपी ने खड़ा किया 540 रन का पहाड़, जवाब में बिहार का बुरा हाल













