इंटर साई कबड्डी का गांधीनगर में आगाज, जयपुर, धारवाड़ और चेन्नई की जीत

1
43

गांधीनगर। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एनसीओई) गांधीनगर में मंगलवार को 17वें ऑल इंडिया इंटर साई कबड्डी टूर्नामेंट 2026-27 का आगाज हुआ।

213 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, पहले दिन लड़कियों के वर्ग में कोल्लम और धर्मशाला ने भी दर्ज की जीत

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के साई ट्रेनिंग सेंटर (एसटीसी) और एनसीओई से आए 213 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट के पहले दिन जयपुर, धारवाड़ और चेन्नई ने लड़कों के वर्ग में जीत दर्ज की, जबकि लड़कियों के वर्ग में कोल्लम और धर्मशाला की टीमें विजयी रहीं।

13 से 15 अक्टूबर तक आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में 147 लड़के और 66 लड़कियां भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन साई क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर के क्षेत्रीय निदेशक प्रशांत सिंह ने किया। उद्घाटन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।

इस अवसर पर राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता झंडू कुमार और अर्जुन अवॉर्डी पैरा एथलीट राजेंदर सिंह रोहेलू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह में साई गांधीनगर के उप निदेशक अशोक कुमार, सहायक निदेशक सहिला समसन और इशप्रीत कौर के अलावा कबड्डी जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी शिरकत की।

इनमें भारतीय टीम के वरिष्ठ कोच उदय कुमार, अर्जुन अवॉर्डी मंजीत छिल्लर, ध्यानचंद अवॉर्डी कविता सेल्वराज, एशियाई खेलों की दोहरी पदक विजेता प्रियंका पिलानिया, 2018 एशियाई खेलों के पदक विजेता रोहित कुमार और 2014 एशियाई खेलों की पदक विजेता पूजा शामिल रहीं।

साई एनसीओई सोनीपत के एचपीएम नवीन कुमार, गुजरात कबड्डी लीग के टूर्नामेंट निदेशक एवं साई के पूर्व कोच केसी सुथार और पूर्व साई कोच सुनीता रानी भी उपस्थित रहीं। उद्घाटन समारोह में सभी टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन बनाए रखने की शपथ ली।

जयपुर ने 20 अंक से जीता पहला मुकाबला

टूर्नामेंट के पहले मैच में जयपुर एसटीसी ने बिलासपुर एसटीसी को 47-27 से हराया। जयपुर ने पहले हाफ में 22-12 की बढ़त हासिल की और दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा कायम रखते हुए 20 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में एसटीसी धारवाड़ ने एसटीसी पुदुचेरी को 51-24 से शिकस्त दी।

धारवाड़ की टीम ने हाफ टाइम तक 28-13 की बढ़त बना ली थी, जिसे उसने दूसरे हाफ में और मजबूत करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

लड़कों के वर्ग के तीसरे मैच में एसटीसी चेन्नई ने एसटीसी मयिलादुथुरै को 32-21 से हराया। चेन्नई ने पहले हाफ में 23-4 की बड़ी बढ़त हासिल की थी। मयिलादुथुरै ने दूसरे हाफ में वापसी की कोशिश की, लेकिन चेन्नई की टीम बढ़त बनाए रखने में सफल रही।

लड़कियों के वर्ग में कोल्लम और धर्मशाला विजयी

लड़कियों के वर्ग में एसटीसी कोल्लम और एसटीसी कोक्करकोइल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन कोल्लम ने 39-36 से जीत दर्ज कर ली। दिन के पांचवें मुकाबले में एनसीओई धर्मशाला ने एनसीओई सोनीपत को 44-40 से हराया।

दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा, लेकिन धर्मशाला की टीम ने निर्णायक क्षणों में बढ़त बनाए रखते हुए चार अंकों से जीत हासिल की। तीन दिवसीय प्रतियोगिता 15 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें देशभर के साई केंद्रों से आई टीमें अगले दो दिनों में भी अपनी चुनौती पेश करेंगी।

ये भी पढ़ें : पारंपरिक खेलों के जरिए ब्रिक्स देशों ने साझा की सांस्कृतिक विरासत

ये भी पढ़ें : साइकिलिंग से फिटनेस व मेंटल हेल्थ का संदेश, जुंबा व गरबा ने बढ़ाया उत्साह

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here