एशियन पैरा गेम्स के लिए भारतीय पैरा तैराकी दल को साई गांधीनगर ने दी विदाई

0
28

गांधीनगर। जापान में होने वाले 5वें एशियन पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने जा रहे भारतीय पैरा तैराकी दल के सम्मान में मंगलवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक होंगे मुकाबले, 6 तैराक भारतीय दल में शामिल

एशियन पैरा गेम्स का आयोजन जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक किया जाएगा। भारतीय पैरा तैराकी दल कोच हरिंद्र यादव के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अधिकारियों ने उनके प्रदर्शन पर भरोसा जताया।

छह तैराक करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

प्रतियोगिता के लिए भारतीय दल में छह तैराक शामिल हैं। ब्लाइंड श्रेणी में जहांगीर मोल्ला एस12 वर्ग में चुनौती पेश करेंगे। वहीं, शारीरिक दिव्यांगता श्रेणी में शम्स आलम, रोहित कुमार और अब्दुल कादिर इंदौरी एस5 वर्ग में हिस्सा लेंगे। कपिल एस10 और वैष्णवी जगताप एस8 वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

साई अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

विदाई समारोह में साई गांधीनगर के क्षेत्रीय निदेशक प्रशांत सिंह, उप निदेशक अशोक खत्री और सहायक निदेशक इशप्रीत मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामना उपहार भेंट किए।

क्षेत्रीय निदेशक प्रशांत सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि देश को अपने पैरा एथलीटों पर गर्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन करेंगे। समारोह का समापन खिलाड़ियों, कोच और साई अधिकारियों के सामूहिक उत्साहवर्धन तथा ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here