लखनऊ। राजधानी के युवा क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अनुभव देने के उद्देश्य से आयोजित इंडो-नेपाल क्रिकेट एक्सचेंज सीरीज 2026 का आगाज मंगलवार, 13 अक्टूबर से होगा।
लखनऊ क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित तीन मैचों की इस सीरीज में मेजबान लखनऊ क्रिकेट एकेडमी और नेपाल की सुदूरपश्चिम रॉयल्स टीम आमने-सामने होंगी। सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार शाम 5:30 बजे से ग्लैक्सी स्पोर्ट्स एरीना, जयपुरिया स्कूल ग्राउंड पर खेला जाएगा।
13, 15 और 16 अक्टूबर को होंगे मुकाबले, दूधिया रोशनी में होगा मैच
नेपाल की टीम तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ लखनऊ पहुंच चुकी है। दोनों टीमों ने सोमवार को मैदान पर अभ्यास कर मुकाबले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
सीरीज के सभी मुकाबले दूधिया रोशनी में सफेद गेंद और रंगीन जर्सी के साथ खेले जाएंगे। इससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रारूप और माहौल में खेलने का अनुभव मिलेगा।
कार्यक्रम के अनुसार, 14 अक्टूबर को विश्राम दिवस रहेगा, जबकि सीरीज के दूसरे और तीसरे मुकाबले 15 और 16 अक्टूबर को खेले जाएंगे। आयोजकों ने क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा है। दर्शक शाम पांच बजे से मैदान पर पहुंचकर मैच देख सकेंगे।
नेपाल की टीम में तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
नेपाल की ओर से सुदूरपश्चिम रॉयल्स की 25 सदस्यीय टीम इस सीरीज में हिस्सा ले रही है। टीम के मुख्य कोच जगत टम्टा हैं, जो नेपाल की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रह चुके हैं। नेपाली दल में बिनोद भंडारी, अभिनाश बोहरा और सुनील थापा जैसे तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं।
इनके अलावा देव नारायण झा, हेमंत धामी, मिलन बोहरा, दीपक बोहरा, हिकमत महारा, टेक रावत, अनिल खरेल, आयुब चंद, सचिन भट्टा, सोलन श्रेष्ठ, सौरव अधिकारी और बिनेश पौडेल सहित अन्य खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं।
दल में डेवलपमेंट स्क्वाड के छह उभरते खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ भी शामिल हैं। नेपाल टीम के स्थानीय समन्वयक यूसुफ जमाल खान हैं।
शौर्य सिंह संभालेंगे लखनऊ टीम की कमान
मेजबान लखनऊ क्रिकेट एकेडमी की टीम की कप्तानी शौर्य सिंह करेंगे। टीम में आदित्य प्रताप सिंह, आदित्य कुमार सिंह, कुशाग्र सिंह, प्रियांशु पाण्डेय, फहद अहमद, बृजेश सिंह, लबीब रज़ा, प्रतीक सिंह, दीपांशु सिंह, ईशान गुप्ता, शैलेंद्र, इब्राहिम रज़ा, सत्यम तिवारी, अहसान आज़ाद और फरहान मुर्तज़ा शामिल हैं।
टीम के हेड कोच शानू काज़मी, असिस्टेंट कोच अमन रिज़वी और मैनेजर संदीप पाठक हैं। मैचों के सुचारु संचालन के लिए क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के अधिकृत अंपायर एवं स्कोरर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
युवाओं को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देना लक्ष्य
लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के सचिव एवं आयोजन सचिव अरशी रज़ा ने कहा कि सीरीज का मुख्य उद्देश्य राजधानी के युवा खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य लखनऊ के युवाओं को सिर्फ घरेलू नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर देना है। नेपाल की टीम में तीन सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। उनके खिलाफ खेलने से हमारे बच्चों के खेल में निखार आएगा। भविष्य में ऐसी और भी अंतरराष्ट्रीय सीरीज कराई जाएंगी।”
ये भी पढ़ें : बाढ़ में डूबा नन्हे क्रिकेटरों का मैदान, सपनों पर संकट
ये भी पढ़ें : इंडो-नेपाल टी-20 एक्सचेंज सीरीज : शौर्य लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के कप्तान
आयोजकों को उम्मीद है कि इस सीरीज से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा और उन्हें अपनी तकनीक, रणनीति तथा खेल कौशल को परखने का अवसर मिलेगा। निःशुल्क प्रवेश के कारण क्रिकेट प्रेमी भी मैदान पर पहुंचकर युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा सकेंगे।













