लखनऊ। गैलेक्सी स्पोर्ट्स ग्राउंड, जयपुरिया में आयोजित इंडो-नेपाल क्रिकेट सीरीज 2026 में सुदूरपश्चिम रॉयल्स ने लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन (LCA) को आठ विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। 13 अक्टूबर को खेले गए दूसरे मैच में LCA की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 79 रन पर सिमट गई।
अनिल ने झटके तीन विकेट, बिनोद भंडारी के नाबाद 39 रन से टीम को मिली जीत
जवाब में सुदूरपश्चिम रॉयल्स ने 11.2 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी LCA की टीम सुदूरपश्चिम रॉयल्स के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 14.3 ओवर में 79 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
ईशान गुप्ता ने 15 गेंदों पर 20 रन बनाए, जबकि संकेत मौर्या ने 14 और प्रियांशु पांडेय ने 10 रन का योगदान दिया। सुदूरपश्चिम रॉयल्स की ओर से अनिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में आठ रन देकर तीन विकेट झटके।
अविनाश ने एक ओवर में एक रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि मिलन बोरा ने 1.3 ओवर में आठ रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया।
80 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुदूरपश्चिम रॉयल्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। बिनोद भंडारी ने 30 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए, जबकि आरिफ शेख 20 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाकर लौटे। दोनों बल्लेबाजों के योगदान से टीम ने 11.2 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 84 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सीरीज का पहला मैच खराब रोशनी के कारण पूरा नहीं हो सका था। खेल के लिए पर्याप्त रोशनी नहीं होने पर अंपायरों ने मुकाबला बिना किसी नतीजे के रद्द करने का फैसला लिया। दूसरे मैच में जीत के साथ सुदूरपश्चिम रॉयल्स ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
ये भी पढ़ें : इंडो-नेपाल सीरीज में होगी लखनऊ के क्रिकेटरों की होगी अंतरराष्ट्रीय परीक्षा













