लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले भारतीय पहलवानों को शनिवार को साई के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र में सम्मानित किया गया।

एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुजीत कलकल और अमन सहरावत समेत पांच पदक विजेताओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। इस दौरान खिलाड़ियों की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षकों, विदेशी विशेषज्ञों और सहयोगी स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।
साई के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी आत्म प्रकाश के नेतृत्व में आयोजित समारोह में फ्रीस्टाइल कुश्ती के स्वर्ण पदक विजेता सुजीत कलकल और अमन सहरावत को सम्मान मिला।

वहीं, ग्रीको-रोमन कुश्ती में नितेश सिवाच ने रजत पदक हासिल किया। सुनील कुमार ने ग्रीको-रोमन और दीपक पूनिया ने फ्रीस्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। समारोह में प्रतियोगिता में भारतीय दल का हिस्सा रहे अन्य पहलवानों के प्रदर्शन की भी सराहना की गई।
प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों को भी मिला सम्मान
खिलाड़ियों को तैयार करने में प्रशिक्षकों और विदेशी विशेषज्ञों के योगदान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया। फ्रीस्टाइल कुश्ती दल के मुख्य प्रशिक्षक विनोद कुमार, प्रशिक्षक अमरनाथ और विदेशी विशेषज्ञ एमजारियोस बेंटिनिडिस को सम्मानित किया गया। वहीं, ग्रीको-रोमन कुश्ती दल के मुख्य प्रशिक्षक हरगोबिंद सिंह, प्रशिक्षक गुरप्रीत सिंह और अमित कुमार तथा विदेशी विशेषज्ञ गोगी कोगुआशविली के योगदान की सराहना की गई।

खिलाड़ियों की फिटनेस, शारीरिक तैयारी और रिकवरी में सहयोग देने वाले फिजियोथेरेपिस्ट रंजन कुमार और मसाजर अविनाश कुमार को भी सम्मानित किया गया। समारोह के माध्यम से खिलाड़ियों के साथ पर्दे के पीछे रहकर काम करने वाले सहयोगी स्टाफ की भूमिका को भी महत्व दिया गया।
आगामी प्रतियोगिताओं के लिए बढ़ाया मनोबल
कार्यक्रम में निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार और सहायक निदेशक प्रवीण कुमार सीएम मौजूद रहे। अधिकारियों ने पदक विजेता पहलवानों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की। साथ ही, आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी का उत्साह बढ़ाया और शुभकामनाएं दीं।













