LU कप क्रिकेट टूर्नामेंट: एलयू गंगा ने एलयू अरावली को हराकर जीता खिताब

0
59

हाईलाइट्स

  • कप्तान आदित्य प्रताप सिंह ने खेली 77 रन की निर्णायक पारी
  • कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने विजेता और उपविजेता टीमों को किया सम्मानित

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित LU Cup Inter-Collegiate T-20 Cricket Tournament 2026 का खिताब एलयू गंगा ने अपने नाम कर लिया। परांजपे पवेलियन ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में एलयू गंगा ने एलयू अरावली को चार विकेट से हराया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान आदित्य प्रताप सिंह ने 77 रन की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। फाइनल में एलयू अरावली के कप्तान आदि आदेश शुक्ला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत खराब रही।

पावरप्ले के दौरान ही पांच विकेट गिरने से एलयू अरावली दबाव में आ गई। इसके बाद बल्लेबाजों ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन एलयू गंगा के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।

एलयू अरावली की पूरी टीम 29 ओवर में 128 रन बनाकर आउट हो गई। उसकी ओर से क्षितिज त्रिपाठी ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। 129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलयू गंगा को भी पहले ही ओवर में झटका लगा।

हालांकि, कप्तान आदित्य प्रताप सिंह ने एक छोर संभालते हुए 77 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनकी जिम्मेदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए लक्ष्य हासिल किया और चार विकेट से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।

कुलपति ने विजेता टीम को दी बधाई

मैच के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने विजेता एलयू गंगा को ट्रॉफी और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। उपविजेता एलयू अरावली की टीम को भी सम्मानित किया गया।

कुलपति ने पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना करते हुए क्रीड़ा परिषद को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की तरह अन्य खेलों में भी आगामी समय में अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इस अवसर पर लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली और लखीमपुर जिलों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। क्रीड़ा परिषद के चेयरमैन प्रो. आरबी सिंह ने भी खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट की तैयारी

लखनऊ विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद उबैद कमाल और कोच शोयब कमाल के निर्देशन में नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ये भी पढ़ें : जय नारायण पीजी कॉलेज में वॉलीबॉल प्रतियोगिता, बीए और बीपीएड चैंपियन

क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. अजय कुमार आर्य ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी क्रिकेट प्रतिभा दिखाने के साथ टीमवर्क, अनुशासन और खेल भावना विकसित करने का अवसर दिया।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here