राम दीक्षित की फिरकी के कमाल से आरएसजी ने आठ विकेट से जीता मैच

1
52

लखनऊ। प्रथम मोहम्मद नवाब मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में RSG क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मनोज क्रिकेट अकादमी को आठ विकेट से हरा दिया।

शुक्रवार को स्थानीय एलडीए स्टेडियम पर खेले गए 35 ओवर के लीग मुकाबले में RSG की जीत के नायक गेंदबाज राम दीक्षित और बल्लेबाज वरुण राय रहे। राम ने चार विकेट लेकर मनोज की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई, जबकि वरुण ने नाबाद 43 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई।

प्रथम मोहम्मद नवाब मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट

शीशमहल क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित टूर्नामेंट के इस मुकाबले में मनोज क्रिकेट अकादमी के कप्तान हिमांशु कुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

हालांकि, RSG के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से मनोज की टीम 20.2 ओवर में महज 66 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सौरभ तिवारी ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।

RSG की ओर से राम दीक्षित ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6.2 ओवर में 20 रन देकर चार विकेट हासिल किए। बाएं हाथ के स्पिनर अभिषेक सोनी ने उनका अच्छा साथ निभाया।

राम ने झटके चार विकेट, वरुण राय ने 43 रन की नाबाद पारी खेलकर दिलाई जीत

अभिषेक ने पांच ओवर में दो मेडन रखते हुए केवल छह रन दिए और दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। हर्ष सिंह यादव ने भी दो विकेट लिए, जबकि रक्षित प्रताप सिंह को एक सफलता मिली। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए राम दीक्षित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

जीत के लिए 67 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RSG क्रिकेट अकादमी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज वरुण राय ने मनोज के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया।

उन्होंने 40 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से नाबाद 43 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत RSG ने 10.2 ओवर में दो विकेट खोकर 70 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ RSG क्रिकेट अकादमी ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। टीम के कप्तान देश दीप भारती ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर संतोष जताया। मैच में गजेश और हसन रजा ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी शीशमहल क्रिकेट क्लब के सदस्यों ने संभाली।

ये भी पढ़ें : आरएसजी अकादमी ने सेज अकादमी सीनियर को 171 रन से हराया

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here