हाईलाइट्स
- तीसरे दिन गार्ड ऑफ ऑनर और हथियारों के प्रशिक्षण पर रहा जोर
- साइंस सिटी व आंचलिक विज्ञान केंद्र का भी कराया जा रहा शैक्षिक भ्रमण
लखनऊ। एमसी सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ में आयोजित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन लगभग 500 कैडेटों ने विभिन्न सैन्य एवं शैक्षिक गतिविधियों में हिस्सा लिया।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक के नेतृत्व में संचालित इस शिविर में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण देने के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
शिविर के तीसरे दिन डिप्टी कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल दीप्ति के निर्देशन में निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कैडेटों ने गार्ड ऑफ ऑनर का अभ्यास किया।
इसके अलावा विभिन्न प्रकार के हथियारों से संबंधित प्रशिक्षण और सैन्य विषयों पर कक्षाएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों को सैन्य कार्यप्रणाली, अनुशासन और प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। कैडेटों ने सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर 3 यूपी नेवल एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर शैलेंद्र यादव ने शिविर का दौरा किया। उन्होंने प्रशिक्षण गतिविधियों और शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही कैडेटों के प्रशिक्षण एवं शिविर के संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए गतिविधियों की सराहना की।
कैडेटों को व्यावहारिक सैन्य प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से शिविर में फायरिंग का अभ्यास भी कराया जा रहा है। वहीं, उनके शैक्षिक और बौद्धिक विकास के लिए लखनऊ साइंस सिटी तथा आंचलिक विज्ञान केंद्र का भ्रमण भी कराया जा रहा है।
इसके तहत प्रतिदिन लगभग 60 से 70 कैडेटों को इन केंद्रों का शैक्षिक भ्रमण कराया जाता है। इस पहल का उद्देश्य कैडेटों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की जानकारी देने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है।
शिविर के दौरान कैडेटों के करियर मार्गदर्शन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में शिविर कमांडेंट कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक ने स्वयं कैडेटों को एसएसबी इंटरव्यू की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने उन्हें साक्षात्कार की तैयारी और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया, ताकि वे भविष्य में सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने की दिशा में बेहतर तैयारी कर सकें।
सैन्य प्रशिक्षण, शैक्षिक भ्रमण और करियर मार्गदर्शन से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से शिविर में कैडेटों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य उनमें अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना है।
ये भी पढ़ें : 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के प्रशिक्षण शिविर में 500 कैडेट ले रहे हिस्सा
ये भी पढ़ें : रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली का ADG ने किया निरीक्षण, पारदर्शी चयन पर जोर












