लखनऊ। श्रीनिधि डेक्कन एफसी ने रविवार को इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2026-27 सत्र के अपने पहले मुकाबले में राजस्थान यूनाइटेड को 1-0 से हराकर विजयी शुरुआत की। टीम की इस जीत में निशु कुमार की अहम भूमिका रही, जिन्होंने 66वें मिनट में मैच का एकमात्र गोल दागा।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। खेल की गति धीमी रहने के कारण दोनों टीमों के डिफेंस ने प्रतिद्वंद्वी के हमलों को बेअसर रखा। पहले हाफ में दोनों ओर से गोल करने के प्रयास हुए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली। इस तरह मध्यांतर तक स्कोर 0-0 रहा।
दूसरे हाफ में श्रीनिधि डेक्कन ने गोल करने के लिए दबाव बनाया। इसका फायदा टीम को 66वें मिनट में मिला, जब निशु कुमार ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर डेक्कन वॉरियर्स को 1-0 की बढ़त दिला दी।
इसके बाद राजस्थान यूनाइटेड ने बराबरी के लिए प्रयास किए, लेकिन श्रीनिधि डेक्कन के डिफेंस ने उसकी कोशिशों को सफल नहीं होने दिया। निर्धारित समय तक यही स्कोर कायम रहा और श्रीनिधि डेक्कन ने तीन अंक हासिल कर नए सत्र में अपने अभियान का शानदार आगाज किया।
ये भी पढ़ें : डेम्पो के खिलाफ आईएफएल में पदार्पण करेगी एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड













