सीवर ओवरफ्लो और जलभराव मिला तो तय होगी जिम्मेदारी : एके शर्मा

0
49

लखनऊ  वर्षा ऋतु के दौरान प्रदेश के शहरों में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो और गंदगी की समस्या से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने नगर निकायों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मंगलवार को लखनऊ के संगम सभागार में नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान किसी भी नगर निगम, नगर पालिका या नगर पंचायत क्षेत्र में जलभराव, कचरे के ढेर अथवा स्वच्छता संबंधी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को युद्धस्तर पर विशेष अभियान चलाकर नागरिकों को राहत देने और संक्रामक रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में मंत्री शर्मा ने प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में जलभराव, सीवर व्यवस्था, नालों की सफाई, कचरा उठान और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्षा के मौसम में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

नगर निकायों की तैयारियों की समीक्षा, जलभराव रोकने के दिए सख्त निर्देश

उन्होंने कहा कि सभी निकाय पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

इसे देखते हुए सभी नगर निकायों में ब्लीचिंग पाउडर, एंटी-लार्वा दवाओं और अन्य आवश्यक रसायनों का नियमित छिड़काव कराया जाए, ताकि संक्रमण और महामारी की आशंका को समय रहते रोका जा सके।

मंत्री ने पंपिंग स्टेशनों और पंपिंग सेटों की कार्यक्षमता पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी मशीनों का रखरखाव तत्काल पूरा कराया जाए और ड्रिल के माध्यम से उनका परीक्षण भी कर लिया जाए।

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान मशीनों के खराब होने या रखरखाव के बहाने स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी उपकरण हर समय पूरी तरह क्रियाशील स्थिति में रहने चाहिए।

बैठक के दौरान मंत्री शर्मा ने लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, गाजियाबाद और आगरा सहित कई नगर निगमों तथा मुजफ्फरनगर, मऊ, पीलीभीत समेत विभिन्न नगर निकायों के अधिकारियों से वर्षा पूर्व तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें : साइबर अपराधियों के नए हथकंडों से रहें सतर्क : डॉ. जीके गोस्वामी

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी सीवर ओवरफ्लो, नालियों की सफाई में लापरवाही, जलभराव या स्वच्छता व्यवस्था में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने नगर आयुक्तों को स्वयं नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की निगरानी करने तथा प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव गुरुप्रसाद, निदेशक अनुज कुमार झा, विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल, मिशन निदेशक ऋतु सुहास सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश के सभी नगर आयुक्त एवं संबंधित अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here