गोवा : अनुषा कुटुंबाले ने दबाव के क्षणों में शानदार संयम दिखाते हुए गोल्डन पॉइंट पर निर्णायक अंक हासिल किया और मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी को बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 पावर्ड बाय चैटजीपीटी में पहली जीत दिला दी।
बुधवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में यू मुंबा ने अब तक अपराजित रही दबंग दिल्ली टीटीसी को 8-7 से मात दी। मुकाबले का फैसला अंतिम महिला एकल मैच में हुआ, जहां यू मुंबा को जीत सुनिश्चित करने के लिए अनुषा कुटुंबाले को केवल एक गेम जीतना था।
लेकिन दिल्ली की अनुभवी स्पेनिश खिलाड़ी मारिया शियाओ ने जबरदस्त संघर्ष करते हुए टाई के चार मैच प्वाइंट बचाए और पहला गेम अपने नाम कर लिया।
बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7
इसके बाद उन्होंने दूसरा गेम भी जीतकर स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। मुकाबला गोल्डन पॉइंट तक पहुंचा, जहां अनुषा ने धैर्य बनाए रखते हुए निर्णायक अंक जीता और अपनी टीम को सीजन की पहली जीत दिला दी।
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में तथा नीरज बजाज और वीटा दानी द्वारा प्रमोट किए जा रहे बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं।
लीग भारत में टेबल टेनिस के विकास को शीर्ष स्तरीय प्रतिस्पर्धा और वर्षभर चलने वाली विकास पहलों के माध्यम से मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।

दबंग दिल्ली को शुरुआती बढ़त यूसेफ अब्देलअज़ीज़ ने दिलाई, जिन्होंने मनुष शाह को तीन गेम में हराया। इसके बाद यू मुंबा की एना हरसी ने शानदार वापसी करते हुए सुतिर्था मुखर्जी को 2-1 से हराया और इस सीजन में सुतिर्था को पहली बार किसी गेम और मैच दोनों में हार का सामना करना पड़ा।
यू मुंबा ने इसके बाद एक और बड़ा झटका दिल्ली को तब दिया जब मनुष शाह और एना हरसी की जोड़ी ने साथियान ज्ञानसेकरण और मारिया शियाओ की अपराजित जोड़ी को 2-1 से मात दी। इसके साथ ही सीजन-6 और सीजन-7 को मिलाकर लगातार सात मैचों से चला आ रहा इस जोड़ी का विजयी अभियान भी समाप्त हो गया।
ये भी पढ़ें : मनिका बत्रा पर भारी पड़ीं सयाली वानी, यूपी प्रोमेथियंस की रोमांचक जीत
ये भी पढ़ें : स्ज़ॉक्स के दम पर डेम्पो गोवा की लगातार जीत, कोलकाता को 8-7 से हराया
ये भी पढ़े : पृथिका और स्नेहित ने पीबीजी पुणे जैगुआर्स को दिलाई रोमांचक जीत
ये भी पढ़ें : सुतिर्था के ‘क्लीन स्वीप’ ने बचाई दिल्ली की लाज, कोलकाता की करीबी हार
फ्रांस के लिलियन बार्दे ने इसके बाद एक और कड़े मुकाबले में साथियान ज्ञानसेकरण को 2-1 से हराकर यू मुंबा की बढ़त मजबूत कर दी। इस जीत के साथ बार्दे ने भारतीय अनुभवी खिलाड़ी के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अजेय रिकॉर्ड भी बरकरार रखा।
निर्णायक मुकाबले में मारिया शियाओ ने दो बार शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया, लेकिन तीसरे गेम के गोल्डन पॉइंट पर अनुषा कुटुंबाले ने बाजी मारते हुए यू मुंबा को सीजन-7 की पहली जीत दिला दी।
एना हरसी को शानदार प्रदर्शन के लिए फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई चुना गया, जबकि यू मुंबा के कप्तान मनुष शाह को इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई का पुरस्कार मिला। मारिया शियाओ को ChatGPT मैच आईक्यू प्लेयर ऑफ द टाई और साथियान ज्ञानसेकरण को बिसलेरी शॉट ऑफ द टाई सम्मान से नवाजा गया।

इससे पहले दिन में बटरफ्लाई यूटीटी के साथ आयोजित ग्रासरूट प्रतियोगिता ड्रीम यूटीटी जूनियर्स में डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स को 7-2 से हराकर
सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, एचवीआर कोलकाता थंडरब्लेड्स ने पीबीजी पुणे जगुआर्स को 5-4 से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
गुरुवार को महाराष्ट्र डर्बी में मुंबई का मुकाबला पुणे से होगा
बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स खेल (हिंदी), स्टार स्पोर्ट्स तमिल 2 एचडी और स्टार स्पोर्ट्स तमिल 3 एचडी पर किया जा रहा है। वहीं, हिंदी, तमिल और अंग्रेज़ी में लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध है।
ये भी पढ़ें : मारिया शियाओ ने दबंग दिल्ली टीटीसी को दिलाई जीत, यूपी प्रोमेथियंस की हार
ये भी पढ़ें : डेम्पो गोवा का दमदार आगाज़, मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी को 10-5 से हराया
ये भी पढ़ें : टेबल टेनिस का महासंग्राम गुरुवार से, यूटीटी में सात टीमें करेंगी खिताब की जंग
ये भी पढ़ें : यूटीटी में पहली बार एआई करेगा अंपायरों की मदद, 20 सेकंड में मिलेगा रिव्यू
- फाइनल स्कोर
- यू मुंबा टीटी 8-7 दबंग दिल्ली टीटीसी
- * मनुष शाह यूसेफ अब्देलअज़ीज़ से 1-2 (9-11, 5-11, 11-6) से हारे।
* एना हरसी ने सुतिर्था मुखर्जी को 2-1 (9-11, 11-7, 11-6) से हराया।
* मनुष शाह/एना हरसी ने साथियान ज्ञानसेकरण/मारिया शियाओ को 2-1 (11-4, 6-11, 11-8) से हराया।
* लिलियन बार्दे ने साथियान ज्ञानसेकरण को 2-1 (11-10, 8-11, 11-8) से हराया।
* अनुषा कुटुंबाले मारिया शियाओ से 1-2 (10-11, 9-11, 11-10) से हारीं।










