लखनऊ। प्रथम एशियाई आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अभिषेक साहनी को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सम्मानित किया।
अभिषेक साहनी ने सीनियर 74 किलोग्राम लो बॉडी कॉन्टैक्ट वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने भी उन्हें सम्मानित किया और बधाई दी।
थाईलैंड के पटाया में आयोजित चैंपियनशिप में गोरखपुर के रहने वाले अभिषेक ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता 24 से 26 जुलाई, 2026 तक आयोजित हुई थी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता अभिषेक के खेल करियर के साथ-साथ भारतीय आर्म बॉक्सिंग के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना खिलाड़ी की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। अभिषेक की सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को आर्म बॉक्सिंग में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और पहचान मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है और प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार होता है।
इस अवसर पर अमैच्योर आर्म बॉक्सिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन के सचिव नसरुद्दीन भी उपस्थित रहे। उन्होंने अभिषेक साहनी को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
ये भी पढ़ें : आर्म बॉक्सिंग के राष्ट्रीय शिविर ने खिलाड़ियों को दी अंतरराष्ट्रीय मंच की दिशा












