पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने भारतीय टीम के सिलेक्टर्स से एक खास अपील एक दिग्गज तेज गेंदबाज को लेकर की है। सुरेश रैना ने सिलेक्टर्स से भुवनेश्वर कुमार के नाम पर 2027 के वर्ल्ड कप के लिए विचार करने के लिए बोला है।
उन्होंने यूपी टी20 लीग का खिताब मेरठ मेवरिक्स को जिताने वाले कप्तान रिंकू सिंह की भी तारीफ की और कहा कि उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स का कप्तान बना देना चाहिए। भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और यूपी टी20 लीग में भी कई मैचों में कमाल की गेंदबाजी उन्होंने की।
यूपी टी20 लीग में 11 मैचों में 14 विकेट भुवनेश्वर कुमार ने निकाले। आपको लग रहा होगा कि उनकी परफॉर्मेंस अच्छी नहीं थी, क्योंकि 10 मैचों में 25 विकेट जीशान अंसारी ने निकाले, लेकिन यहां गौर करने वाली बात यह थी कि उन्होंने 6.11 के इकॉनमी रेट से रन दिए और 119 गेंद 11 मैचों में डॉट फेंकी, जो 1 गेंद और जोड़ दी जाए तो 20 ओवर होते हैं।
हालांकि, उनकी टीम लखनऊ फालकन्स खिताबी मैच में हार गई। उधर, इस टूर्नामेंट की तारीफ सुरेश रैना ने की और कहा कि भुवनेश्वर कुमार और रिंकू सिंह के अलावा डोमेस्टिक टैलेंट इस लीग को बड़ा बना रहा है। यूपी टी20 लीग के दौरान सुरेश रैना ने भुवनेश्वर कुमार को लेकर कहा, “भुवी एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और उन्हें 2027 वर्ल्ड कप टीम में होना चाहिए।”
रैना का मानना है कि विदेशी परिस्थितियों में टीम इंडिया को ऐसे अनुभवी बॉलर चाहिए, जिनके पास स्विंग और कंट्रोल में मास्टरी हो। इसी वजह से उनका मानना है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भुवनेश्वर कुमार एक जरूरी कैंडिडेट है। अक्टूबर-नवंबर 2027 में वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया में होना है।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि शुभमन गिल (भारतीय कप्तान) भुवी और मोहम्मद शमी दोनों के अनुभव को महत्व देंगे और विराट और रोहित दोनों के टीम में होने के कारण, ये दोनों भी उनकी प्लानिंग का हिस्सा होना चाहिए।
अब यह सिलेक्टर्स पर निर्भर करता है कि वे कैसा कॉम्बिनेशन चाहते हैं – क्या वे चार स्पेशलिस्ट पेसर लेंगे या दो ऑलराउंडर सहित छह सीमर।” शमी की तारीफ में रैना ने कहा कि उनके पास फिटनेस है और रिदम भी। वहीं, रिंकू सिंह को लेकर रैना बोले, “रिंकू ने बड़े मैचों में खेलने का अपना टैलेंट और टैक्टिकल स्किल साबित कर दी है और मैंने केकेआर से उन्हें कप्तानी के लिए चुनने को कहा।”













