पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के साथ सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली। इस शपथ ग्रहण के साथ ही राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार का औपचारिक आगाज हो गया।
राज्यपाल आर.एन. रवि ने सुवेंदु अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निषिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे, जिससे इस राजनीतिक बदलाव के राष्ट्रीय महत्व का भी संकेत मिला।
दरअसल, शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आधिकारिक तौर पर सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया था। यह घोषणा इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि स्वतंत्रता के बाद पहली बार राज्य में भाजपा सरकार सत्ता में आई है।
2026 विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने दो सीटों — पूर्वी मिदनापुर जिले के नंदीग्राम और दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर — से जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि भवानीपुर सीट पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया। 2021 विधानसभा चुनाव में भी अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को शिकस्त दी थी।
लगातार दो चुनावों में ममता बनर्जी को मात देने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने खुद को भाजपा के सबसे मजबूत बंगाली चेहरे के रूप में स्थापित किया और अब वह राज्य में पार्टी की पहली सरकार का नेतृत्व करने जा रहे हैं।













