लखनऊ। कारागार मुख्यालय, लखनऊ में “Best Practices in Prison Administration” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एस.एन. साबत, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं पूर्व महानिदेशक कारागार रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महानिदेशक कारागार एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पी.सी. मीना ने मुख्य अतिथि एस.एन. साबत का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

डॉ. सम्पूर्णानंद कारागार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. रामधनी ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि इसमें विभिन्न राज्यों के उप कारागार अधीक्षक से लेकर कारागार अधीक्षक स्तर तक के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान कारागार प्रशासन में बेहतर कार्यप्रणालियों और नवाचारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं अनुभव साझा किए गए।
03 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव डॉ. मनु कालिया द्वारा “Best Practices in Managing Women in Prisons” विषय पर व्याख्यान दिया गया। इसके साथ ही तेलंगाना, पंजाब एवं मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में कारागार प्रशासन के क्षेत्र में अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों पर भी जानकारी साझा की गई।

प्रशिक्षण के दौरान महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों के लिए उत्तर प्रदेश में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। इसके अलावा जेलों में संचालित सहकारी समितियों (Cooperatives) तथा उनके माध्यम से किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एस.एन. साबत ने कहा कि तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण अधिकारियों के व्यावसायिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। उन्होंने अधिकारियों से निरंतर सीखने, अपने ज्ञान एवं बौद्धिक क्षमता को विकसित करने तथा स्वयं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक कारागार व्यवस्था की सोच अब केवल “अपराध और दंड” तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सुधार, पुनर्वास और समाज में पुनर्समावेशन (Reformation, Rehabilitation and Reintegration) भी है। इस दिशा में विभिन्न राज्यों द्वारा अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियां और नवाचार कारागार प्रशासन को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
समारोह में उपमहानिरीक्षक कारागार श्री प्रदीप गुप्ता, श्री सुभाष चंद्र शाक्य सहित कारागार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले अधिकारी उपस्थित रहे।












