लखनऊ। दिव्यांश, आलिया, वामिका पटेल, मानवी, अरुणा कुमारी ने 42वीं सब जूनियर, 10वीं कैडेट, 44वीं जूनियर, 43वीं सीनियर क्योरगी एवं 10वीं पूमसे उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप के पहले दिन अपने अपने वर्ग में स्वर्णिम सफलता से मेजबान लखनऊ का खाता खोला।
उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा चैंपियनशिप का आयोजन केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप का उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया उद्घाटन
चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि
यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन सरकार युवाओं की खेल प्रतिभा को नई ऊंचाइयां प्रदान करने तथा विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह शैलू ने की। उन्होंने एसोसिएशन के सचिव राजकुमार के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
ये भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में पहली बार वर्चुअल रोमांच
इस अवसर पर ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के पर्यवेक्षक शिव कुमार शुक्ला, उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष आनंद मणि जुगरान, संयुक्त सचिव मोहित कुमार, कार्यकारिणी सदस्य हिमप्रीत सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
पहले दिन के प्रमुख परिणाम
- बालक कैडेट (61 किग्रा से कम) में चंदौली के अमन कुमार चौरसिया ने स्वर्ण, लखनऊ के दैविक सोनी ने रजत एवं मुरादाबाद के रिशव व महाराजगंज के प्रिंस वर्मा ने कांस्य पदक जीते।
- बालक कैडेट (65 किग्रा से कम) में रायबरेली के कुणाल उपाध्याय ने स्वर्ण, लखनऊ के आशुतोष शर्मा ने रजत एवं गाजीपुर के स्वस्तिक कुमार व अनय सिंह ने कांस्य पदक जीते।
- बालक कैडेट (65 किग्रा से अधिक) में गोरखपुर के विराट प्रताप सिंह ने स्वर्ण, कौशांबी के मयंक कश्यप ने रजत एवं गाजियाबाद के टी त्यागी व प्रयागराज के शिवम जायसवाल ने कांस्य पदक जीते।
- बालक सब जूनियर (18 किग्रा से कम) में गोरखपुर के वेदांत पाठक ने स्वर्ण, लखनऊ के विवान सोनी ने रजत एवं बरेली के एलेक्स प्रताप व मुरादाबाद के मयंक कुमार ने कांस्य पदक जीते। बालक सब जूनियर (16 किग्रा से कम) में लखनऊ के दिव्यांश श्रीवास्तव ने स्वर्ण व कानपुर के अद्वित बाजपेयी ने रजत पदक जीते।

- बालिका सब जूनियर (18 किग्रा से कम) में लखनऊ का दबदबा रहा जहां आलिया ने स्वर्ण व आरोही दुबे ने रजत पदक जीते। बालिका सब जूनियर (16 किग्रा से कम) में लखनऊ की वामिका पटेल ने स्वर्ण जीता।
- बालिका सब जूनियर (47 किग्रा से कम) में लखनऊ की मानवी सिन्हा ने स्वर्ण, गोरखपुर की दीपशिखा ने रजत एवं अलीगढ़ की अवनी व आगरा की अन्वेषा सिंह ने कांस्य पदक जीते।
- बालिका सब जूनियर (51 किग्रा से कम) में लखनऊ की अरुणा कुमारी ने स्वर्ण, प्रयागराज की शरण्या द्विवेदी ने रजत एवं लखनऊ की प्राची तिवारी व प्रयागराज की शिवांगी गौतम ने कांस्य पदक जीते।











