डीपीएस वसंत विहार, स्टेप बाय स्टेप एवं मदर्स इंटरनेशनल अंतिम चार में

0
43

नई दिल्ली : ओरिएंटल कप 2026 के छठे दिन मंगलवार को डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में सुहावने मौसम और खिली धूप के बीच लड़कों के वर्ग के क्वार्टरफाइनल मुकाबले खेले गए। अंतिम आठ के चारों मुकाबलों में रोमांच, तेज़ रफ्तार फुटबॉल और खिलाड़ियों के शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन देखने को मिले।

दिन के अंत में दिल्ली पब्लिक स्कूल, वसंत विहार, स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा, द मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली और जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

ओरिएंटल कप 2026: लड़कों के सेमीफाइनल की तस्वीर साफ, चार दावेदार तय

दिन के पहले क्वार्टरफाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल, वसंत विहार ने शानदार वापसी करते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल, आर.के. पुरम को 3-1 से हराया। डीपीएस आर.के. पुरम के लिए आयुष रंजन ने चौथे मिनट में शुरुआती बढ़त दिलाई, लेकिन इदांत त्रिवेदी ने नौवें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।

इसके बाद अभ्युदय सिंह ने 12वें मिनट में अपनी टीम को बढ़त दिलाई और 40वें मिनट में दूसरा गोल दागकर अपनी टीम की प्रभावशाली जीत सुनिश्चित करते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

दूसरे क्वार्टरफाइनल में स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा ने कड़े मुकाबले में सेंट फ्रांसिस डी सेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल को 2-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।

नौनिध गांधी ने 10वें मिनट में स्टेप बाय स्टेप को बढ़त दिलाई, लेकिन दो मिनट बाद ही हाइरोम पेरिन ने सेंट फ्रांसिस डी सेल्स के लिए बराबरी का गोल कर दिया।

हालांकि, गांधी ने 14वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर टीम को फिर से बढ़त दिलाई। उनका यह दोहरा गोल निर्णायक साबित हुआ और स्टेप बाय स्टेप ने बढ़त बनाए रखते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।

तीसरे क्वार्टरफाइनल में द मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली ने माउंट कार्मेल स्कूल, द्वारका को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। मैच का निर्णायक क्षण 24वें मिनट में आया, जब माउंट कार्मेल स्कूल ने पेनल्टी गंवा दी। ध्रुव तुली ने पेनल्टी को शानदार ढंग से गोल में बदलकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही।

दिन के अंतिम क्वार्टरफाइनल में जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका ने वसंत वैली स्कूल को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। कार्तिकेय कश्यप चुघ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों गोल दागे। उन्होंने 11वें मिनट में पहला गोल किया और 23वें मिनट में दूसरा गोल कर अपनी टीम की आसान जीत सुनिश्चित की।

ओरिएंटल कप 2026 बुधवार को अपने सेमीफाइनल चरण में प्रवेश करेगा, जहां लड़कों और लड़कियों की दो-दो सेमीफाइनल भिड़ंतें खेली जाएंगी।

ये भी पढ़ें : मॉडर्न स्कूल का जलवा, 6-0 की जीत से सेमीफाइनल में एंट्री

7 से 16 जुलाई तक डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट में दिल्ली-एनसीआर की 45 से अधिक टीमों के 1,500 से ज्यादा छात्र-खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस बार टूर्नामेंट में पुरस्कार राशि को दोगुने से अधिक बढ़ाया गया है, साथ ही 10 प्रतिभाशाली छात्र-खिलाड़ियों के लिए ₹2.5 लाख की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।

ओरिएंटल कप 2026 के चौथे संस्करण को ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड का टाइटल प्रायोजन प्राप्त है। वहीं, निविया स्पोर्ट्स फुटबॉल पार्टनर, ओशन बेवरेजेज हाइड्रेशन पार्टनर और सेंट्रल पार्क रिसॉर्ट्स एसोसिएट पार्टनर के रूप में टूर्नामेंट से जुड़े हुए हैं।

  • 6वें दिन के परिणाम
  • लड़कों का वर्ग
    • डीपीएस, वसंत विहार 3-1 डीपीएस, आर.के. पुरम
    • स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा 2-1 सेंट फ्रांसिस डी सेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल
    • द मदर्स इंटरनेशनल स्कूल 1-0 माउंट कार्मेल स्कूल, द्वारका
    • जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका 2-0 वसंत वैली स्कूल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here