विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने K-950, आशियाना आवास में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प दोहराया।
इससे पूर्व उन्होंने उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (UPSIFS) परिसर में भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पूज्य झूलेलाल सिंधी सेंट्रल पंचायत, लखनऊ एवं इसकी सहयोगी एवं दाता संस्था ऑरो रिसाइक्लिंग प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं वन विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का सतत संकल्प है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
वृक्षारोपण के साथ हरित भविष्य का संकल्प, 10 वेस्ट बिन लगाने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक प्रीफ़ाइब्रिकेटेड वेस्ट बिन का लोकार्पण किया तथा क्षेत्र में कुल 10 प्री फैब्रिकेटेड वेस्ट बिन स्थापित किए जाने की घोषणा की, जिससे कचरे के पृथक्करण, स्वच्छ वातावरण के निर्माण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
साथ ही वन एवं पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वन विभाग के कर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए वन रक्षकों एवं कर्मचारियों को साइकिल तथा वरिष्ठ अधिकारियों को पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक स्कूटर उपलब्ध कराने की पहल की जानकारी दी।
बच्चों एवं युवाओं में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी माह से वन एवं पर्यावरण विषयक विशेष प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित किए जाने की घोषणा भी की गई,
जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ₹25,000, ₹11,000 एवं ₹10,000 के नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से “एक व्यक्ति–एक पौधा” के संकल्प के साथ वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें : ‘राइजिंग सरोजनीनगर’ बन रहा न्यू लखनऊ का ग्रोथ इंजन : राजेश्वर सिंह












