गुवाहाटी : एफसी गोवा ने इंडियन सुपर लीग 2025-26 में अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम, गुवाहाटी में नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी को 2-0 से हराया।
पहले हाफ में डेजान ड्राज़िच के गोल और इंजरीटाइम में स्थानापन्न खिलाड़ी मोहम्मद यासिर के शानदार गोल ने गौर्स को तीन अहम अंक दिलाए।
इंडियन सुपर लीग
इस जीत के साथ गोवा 10 मैचों में 19 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी सात अंकों के साथ 12वें स्थान पर बना हुआ है। कप्तान संदीश झिंगन को उनके मजबूत रक्षात्मक प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच की शुरुआत मेजबान टीम ने आक्रामक अंदाज में की। रिडीम त्लांग ने शुरुआती मिनटों में लंबी दूरी से शॉट लिया, जिसे हृतिक तिवारी ने आसानी से रोक लिया।
इसके बाद ब्रिसनफर्नांडिस ने बाएं फ्लैंक से अच्छा मूव बनाया, लेकिन बॉक्स में कोई साथी खिलाड़ी नहीं मिला। दूसरी ओर, बोरिस सिंह ने भी दो बार दूरी से प्रयास किए, लेकिन दोनों ही शॉट लक्ष्य से बाहर चले गए।
नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी – 0 एफसी गोवा – 2 (डेजान ड्राज़िच 20’, मोहम्मद यासिर 90+3’)

नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड काउंटर अटैक पर खतरनाक दिखी और जितिन एमएस को लालरिनजुआला के शानदार पास पर मौका मिला, लेकिन तिवारी ने बेहतरीन बचाव करते हुए गोल होने से रोका।
20वें मिनट में एफसी गोवा को बढ़त मिली। मोहम्मद ने मिलने गहराई से एक शानदार लॉफ्टेड पास देकर ड्राज़िच को आगे बढ़ाया। ड्राज़िच ने दबाव के बीच संतुलन बनाए रखते हुए सटीकशॉट से गेंद को निचले कोने में भेज दिया।
हालांकि, गोल के कुछ ही देर बाद ड्राज़िच चोट के कारण मैदान छोड़ने को मजबूर हुए और उनकी जगह अब्दुल रबीह आए। रबीह ने आते ही प्रभाव डाला और उदांता सिंह के साथ मिलकर कई मौके बनाए, जिनमें नेमिल का एक प्रयास मामूली अंतर से चूक गया।
गोवा ने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा, जहां संदीश झिंगन ने रक्षापंक्ति को मजबूती से संभाला और कई अहम इंटर सेप्शन किए। पहले हाफ के अंत तक नॉर्थ ईस्ट ने कुछ प्रयास किए, लेकिन गोवा 1-0 की बढ़त के साथ ब्रेक में गया।
दूसरे हाफ में भी मैच का रुख ज्यादा नहीं बदला। गोवा ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा, जबकि नॉर्थ ईस्ट मौके तलाशती रही। नेमिल की एक शानदार फ्री-किक को गुरमीत सिंह ने बेहतरीन तरीके से बचाया।
जैसे-जैसे समय बीतता गया, नॉर्थईस्ट ने आक्रामकता बढ़ाई, लेकिन गोवा की सुदृढ़ रक्षापंक्ति ने उन्हें कोई साफ मौका नहीं दिया। इंजरी टाइम में गोवा ने मैच पर पूरी तरह मुहर लगा दी। हुइद्रोम थोई सिंह की पहल पर आकाश सांगवान ने बाएं फ्लैंक से क्रॉस दिया, जो मोहम्मद यासिर तक पहुंचा।
यासिर ने शानदार नियंत्रण दिखाते हुए बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाया, जो पोस्ट से टकराकर गोल में चला गया।इसके बाद गोवा ने आराम से मैच को समाप्त किया और एक प्रभावशाली जीत दर्ज की।
ये भी पढ़ें : आखिरी मिनट में पलटा मैच, केरल ब्लास्टर्स की रोमांचक जीत













