गत चैंपियन एल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने शनिवार को बेंगलुरु में ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) के चौथे सीजन में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए काले मोहरों से मुंबई मास्टर्स को 10-8 से हराया।
वहीं, दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को गंगा ग्रैंडमास्टर्स के खिलाफ 9-10 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स ने पीबीजी अलास्कन नाइट्स को 10-4 से मात दी।
पाइपर्स ने मुंबई मास्टर्स को 10-8 से हराया; गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को 10-9 से हराया, एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स ने पीबीजी अलास्कन नाइट्स को 10-4 से मात दी
टेक महिंद्रा और फिडे की संयुक्त-पहल ग्लोबल चेस लीग के चौथे सीजन का आगाज शानदार अंदाज में हुआ। सैकड़ों शतरंज प्रशंसक दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों को एक्शन में देखने के लिए आयोजन स्थल पर पहुंचे और उन्हें उच्च स्तर के शतरंज मुकाबले देखने को मिले।

एक साल के अंतराल के बाद दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन की पाइपर्स टीम में वापसी के कारण सभी की नजरें गत चैंपियन के अपने अभियान की शुरुआत पर थीं। उनके सामने मजबूत मुंबई मास्टर्स की चुनौती थी।
गत चैंपियन टीम पर शुरुआत में ही दबाव बन गया, जब मुंबई मास्टर्स के एम. प्रणेश ने सुपरस्टार पुरुष बोर्ड पर अनिश गिरी को हरा दिया। हालांकि, प्लेयर ऑफ द मैच विदित गुजराती ने शानदार स्थिति आधारित खेल का प्रदर्शन करते हुए शखरियार मामेद्यारोव को हराकर पाइपर्स की वापसी कराई।
इसके बाद अनुभवी कोनेरू हम्पी ने कैरिसा यिप को हराकर पाइपर्स को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि, डी. हरिका ने महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख को हराकर मुंबई मास्टर्स को मुकाबले में वापस ला दिया। इस जीत के साथ दोनों टीमों के खाते में दो-दो जीत हो गईं।
आइकन बोर्ड पर कार्लसन ने मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ मजबूत और संतुलित खेल दिखाया। उनका मुकाबला ड्रॉ रहने के बावजूद पाइपर्स को जीत की शुरुआत दिलाने के लिए यह परिणाम पर्याप्त था। इससे पहले, दिन के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक में दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने टॉस जीतने के बाद गंगा ग्रैंडमास्टर्स के खिलाफ काले मोहरों से खेलने का फैसला किया। इस मुकाबले में छह में से पांच बाजियों का परिणाम निकला।
अनुभवी लेवोन एरोनियन ने केवल 29 चालों में वेई यी को हराकर गंगा ग्रैंडमास्टर्स को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद प्लेयर ऑफ द मैच पोलिना शुवालोवा और स्तावरोला त्सोलाकिदोउ ने दोनों सुपरस्टार महिला बोर्ड पर जीत दर्ज कर अपनी टीम की बढ़त मजबूत कर दी। शुवालोवा ने झू जिनर को 70 चालों में हराया, जबकि त्सोलाकिदोउ ने पूर्व महिला विश्व चैंपियन एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक को 59 चालों में मात दी।
हालांकि, त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने वापसी की। लीनियर डोमिंगुएज पेरेज की घड़ी 43 चालों के बाद समाप्त हो गई और उन्हें अरविंद चिथंबरम के खिलाफ समय के आधार पर हार का सामना करना पड़ा। उस समय बाजी की स्थिति लगभग बराबरी की थी।
इसके बाद त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स के वी. प्रणव ने गंगा ग्रैंडमास्टर्स के लियोन ल्यूक मेंडोंका को 40 चालों के बाद हार मानने के लिए मजबूर किया और अपनी टीम को मुकाबले में केवल एक अंक पीछे ला दिया। जीसीएल में काले मोहरों से जीत दर्ज करने वाली टीम को चार गेम अंक मिलते हैं, जबकि सफेद मोहरों से जीत हासिल करने पर तीन गेम अंक मिलते हैं।
दिन के पहले मुकाबले में 2026 कैंडिडेट्स चैंपियन जीएम जावोखिर सिंदारोव ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। उन्होंने आइकन बोर्ड पर जीएम विश्वनाथन आनंद को 57 चालों में हराकर एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स को पीबीजी अलास्कन नाइट्स के खिलाफ शुरुआती बढ़त दिलाई।
पीबीजी अलास्कन नाइट्स के जीएम अर्जुन एरिगैसी के पास काले मोहरों से खेलने के दौरान जीत के मौके थे, लेकिन 23 वर्षीय खिलाड़ी जीएम निहाल सरीन की मजबूत डिफेंस को भेद नहीं सके।
अन्य सभी सुपरस्टार पुरुष और महिला बोर्ड पर बाजियां ड्रॉ रहने के बाद पीबीजी अलास्कन नाइट्स को उम्मीद थी कि प्रोडिजी बोर्ड पर अभिमन्यु मिश्रा, मार्क-आंद्रिया मौरिजी के खिलाफ जीत हासिल करके टीम को मुकाबले में वापस ला सकते हैं। हालांकि, जीसीएल में पदार्पण कर रहे मिश्रा को 81 चालों के बाद हार माननी पड़ी। राजा और प्यादे के एंडगेम में मौरिजी के पास स्पष्ट बढ़त थी।
सिंदारोव को उनकी जीत के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा कि वह अपनी टीम की शुरुआत से खुश हैं। सिंदारोव ने कहा, “मैं दूसरे बोर्ड की बाजियां भी देख रहा था और मुझे लगा कि मेरी बाजी भी ड्रॉ की ओर जा रही है। लेकिन मैंने एंडगेम में एक प्यादा कुर्बान किया और उसके बाद मुझे पता था कि मैं जीत सकता हूं।”
भारत भर के प्रशंसक टेक महिंद्रा ग्लोबल चेस लीग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मुकाबले मुफ्त में लाइव देख सकते हैं। प्रसारण चेस24 के यूट्यूब और ट्विच चैनलों के साथ-साथ Chess.com India पर भी उपलब्ध रहेगा। इस सीजन में पहली बार भारतीय दर्शकों के लिए हिंदी भाषा में कमेंट्री की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
रविवार, 6 सितंबर के मुक़ाबले
शाम 3:30 बजे: एल्पाइन एपीएल पाइपर्स बनाम गंगा ग्रैंडमास्टर्स
शाम 5:00 बजे: चेQ मुंबई मास्टर्स बनाम पीबीजी अलास्कन नाइट्स
शाम 6:30 बजे: गंगा ग्रैंडमास्टर्स बनाम एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स
रात 8:00 बजे: त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स बनाम चेQ मुंबई मास्टर्स













