लखनऊ। इंडियन पैरा जूडो एकेडमी, हलवासिया कोर्ट, हजरतगंज में आयोजित जूडो महाकुंभ प्रादेशिक प्रतियोगिता के चौथे दिन हापुड़ का दबदबा देखने को मिला।
हापुड़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नमस्ते इंडिया मिनी विजेता कैश अवार्ड और गोल्डी मसाले सब जूनियर विजेता कैश अवार्ड अपने नाम किए। वहीं मुरादाबाद मिनी वर्ग में उपविजेता और मेरठ सब जूनियर वर्ग में उपविजेता रही।
जूडो महाकुंभ प्रादेशिक प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड के विश्वास स्वरूप मुख्य अतिथि और महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या रुचि पुरी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने सब जूनियर वर्ग की विजेता टीमों को कैश अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया, जबकि विशिष्ट अतिथि ने पदक विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया।
मिनी वर्ग की टीम चैंपियनशिप में हापुड़ की बालक एवं बालिका टीम 4 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर विजेता और मुरादाबाद 3 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदकों के साथ उपविजेता रही।
सब जूनियर वर्ग में भी हापुड़ का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। इस वर्ग में हापुड़ ने 5 स्वर्ण और 6 कांस्य पदकों के साथ विजेता व मेरठ ने 4 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक के दम पर उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
ये भी पढ़ें : सात वर्ष से लेकर 28 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने दिया जूडो का बेल्ट टेस्ट
उत्तर प्रदेश जूडो एसोसिएशन के महासचिव मुनव्वर अंजार ने बताया कि व्यक्तिगत वर्ग में मिनी बालिका वर्ग में मुरादाबाद की सौम्या सैनी और मिनी बालक वर्ग में हापुड़ के रुद्रा चौधरी को बेस्ट जूडोका कैश अवार्ड मिला।
वहीं सब जूनियर बालिका वर्ग में संभल की आराध्या सिंह को सब जूनियर बालक वर्ग में और बालकों में सहारनपुर हॉस्टल के ईशान गिल को बेस्ट जूडोका अवार्ड मिला।
सब जूनियर वर्ग के स्वर्ण पदक विजेता
- बालिका वर्ग: 28 किग्रा में आराध्या सिंह (संभल), 32 किग्रा में निहांशी गोयल (संभल), 36 किग्रा में नव्या गर्ग (संभल), 40 किग्रा में सुहाना (सहारनपुर), 44 किग्रा में भूमि (मेरठ), 48 किग्रा में भक्ति (मेरठ), 52 किग्रा में नव्या (हापुड़), 57 किग्रा में साक्षी गुप्ता (वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज) तथा 57 किग्रा से अधिक भार वर्ग में आराध्या गिरी (मेरठ) ने स्वर्ण पदक जीते।
- बालक वर्ग: 30 किग्रा में ईशान गिल (सहारनपुर हॉस्टल), 35 किग्रा में सागर (बुलंदशहर), 40 किग्रा में खिलेंद्र पाल (हापुड़), 45 किग्रा में शिवा (आगरा), 50 किग्रा में भास्कर (हापुड़), 55 किग्रा में शुभ (मेरठ), 60 किग्रा में दिशांत (सहारनपुर हॉस्टल), 66 किग्रा में तेजस (हापुड़) तथा 66 किग्रा से अधिक भार वर्ग में लक्ष्य त्यागी (हापुड़) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।












