लखनऊ। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई), लखनऊ का दौरा कर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों से संवाद किया।
इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध खेल अवसंरचना एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए खिलाड़ियों के समग्र विकास और उच्च प्रदर्शन आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से संवाद कर उनकी तैयारियों, प्रशिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
साथ ही देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की। डॉ. मनसुख मांडविया ने खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और फिट इंडिया जैसे जनआंदोलनों को और व्यापक बनाने की आवश्यकता है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने भी खिलाड़ियों और अधिकारियों से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में खेलों और युवा विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
यह दौरा एसएआई एनसीओई, लखनऊ के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के लिए प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम के दौरान हुए संवाद और विचार-विमर्श ने खेल प्रतिभाओं को निखारने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करने के साझा संकल्प को और मजबूती प्रदान की।
कार्यक्रम में भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी आत्म प्रकाश, निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, सहायक निदेशक मनीष कुमार सहित प्रशिक्षक, सहयोगी स्टाफ एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : साई की ‘कम्युनिटी फिटनेस राइड’, ‘संडेज ऑन साइकिल’ से हजारों लोग जुड़े
ये भी पढ़ें : ‘माई भारत’ से तैयार हो रही नई युवा नेतृत्व की पीढ़ी: डॉ. मनसुख मांडविया












