हाइलाइट्स:
• ड्रॉ जारी: भारत को ग्रुप बी में मिली जगह
• चुनौती: बांग्लादेश और मालदीव से होगा मुकाबला
• मेजबानी: 25 मई से 6 जून तक गोवा में टूर्नामेंट
• रिकॉर्ड: भारत पांच बार का चैंपियन
नई दिल्ली। सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 के लिए जारी ड्रॉ में भारतीय महिला टीम को ग्रुप बी में बांग्लादेश और मालदीव के साथ रखा गया है। ड्रॉ बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित सैफ सचिवालय में आयोजित किया गया।
टूर्नामेंट का आयोजन 25 मई से 6 जून तक गोवा के मडगांव में होगा, जहां सभी मुकाबले पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले जाएंगे। ग्रुप ए में नेपाल, श्रीलंका और भूटान को शामिल किया गया है। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
यह दूसरा मौका होगा जब भारत इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2016 में सिलीगुड़ी में आयोजित संस्करण में भारतीय टीम ने खिताब जीता था। वहीं, गोवा भी दूसरी बार किसी सैफ टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है।
ड्रॉ के लिए टीमों की सीडिंग 21 अप्रैल को जारी फीफा महिला विश्व रैंकिंग के आधार पर की गई। भारत और नेपाल को पॉट-1 में रखा गया था, जबकि बांग्लादेश और श्रीलंका पॉट-2 में शामिल थे।
भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है, जिसने 2010, 2012, 2014, 2016 और 2019 में कुल पांच बार खिताब जीता है। हालांकि, बांग्लादेश ने हाल के दोनों संस्करण (2022 और 2024) अपने नाम कर अपनी मजबूती साबित की है।
ये भी पढ़ें : फीफा की खास सूची में भारत, महिला फुटबॉल को मिलेगा नया सहारा











