ईशान गुप्ता के अर्धशतक से एकलव्य स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी की जीत

0
62

हाईलाइट्स

  • मोहम्मद नवाब मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में मनोज क्रिकेट एकेडमी को चार विकेट से दी शिकस्त
  • मिवान सिंह और आदित्य दयाल श्रीवास्तव ने गेंदबाजी में झटके तीन-तीन विकेट
  •  मैन ऑफ द मैच ईशान गुप्ता ने खेली 50 रन की अर्धशतकीय पारी

लखनऊ। शीश महल क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित प्रथम स्व. मोहम्मद नवाब मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को एकलव्य स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी ने मनोज क्रिकेट एकेडमी को चार विकेट से हरा दिया।

कैरियर डेंटल ग्राउंड पर खेले गए लीग मुकाबले में मनोज क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए। जवाब में एकलव्य की टीम ने ईशान गुप्ता के शानदार अर्धशतक की मदद से 24.5 ओवर में छह विकेट पर 168 रन बनाकर जीत दर्ज की। ईशान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मनोज क्रिकेट एकेडमी की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन मध्यक्रम के लड़खड़ाने से बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

टीम 31.4 ओवर में 167 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। वंश ने 40 गेंदों पर 45 रन बनाकर टीम की ओर से सर्वाधिक योगदान दिया। शौर्य तिवारी ने 57 गेंदों पर 30 और हिमांशु कुमार ने 37 गेंदों पर 43 रन बनाए। इनके अलावा आयुष गिहार ने छह और लक्ष्य पांडेय ने चार रन का योगदान दिया।

एकलव्य की ओर से मिवान सिंह और आदित्य दयाल श्रीवास्तव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। मिवान ने पांच ओवर में एक मेडन के साथ केवल 11 रन दिए। हादी इमरान काज़मी ने एक विकेट लिया, जबकि राजवीर सिंह और ईशान गुप्ता को भी एक-एक सफलता मिली।

168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एकलव्य स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। ईशान गुप्ता ने 37 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 50 रन बनाए।

उन्होंने अकार रिज़वी के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अकार ने 33 गेंदों पर 36 रन बनाए, जबकि यश मुद्गल ने 24 गेंदों पर 23 रन का योगदान दिया।

ये भी पढ़ें : अली जाफर की दमदार पारी से एलसीए ने जीता आखिरी मुकाबला

इसके बाद राजवीर सिंह ने 11 गेंदों पर 14 रन बनाकर रन गति बनाए रखी। आदित्य दयाल श्रीवास्तव 20 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि उत्कर्ष त्रिपाठी ने छह गेंदों पर नाबाद चार रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। एकलव्य ने 24.5 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

मनोज क्रिकेट एकेडमी की ओर से अरहम ज़ैद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात ओवर में 54 रन देकर चार विकेट झटके। आयुष गिहार ने सात ओवर में 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए। हालांकि, टीम के गेंदबाज एकलव्य को लक्ष्य तक पहुंचने से नहीं रोक सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here