सिग्मा एकादश बनी जेएनटी अंडर-12 लीग चैंपियन, कृष्णा मैन ऑफ द सीरीज

0
23

कानपुर। जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग के 14वें सीजन का खिताब सिग्मा एकादश ने अपने नाम कर लिया। रविवार देर रात किदवई नगर स्थित साउथ मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में सिग्मा एकादश ने प्राइम एकादश को नौ विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए प्राइम एकादश ने 25 ओवर में नौ विकेट पर 114 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान अद्रिक ने सर्वाधिक 52 रन की पारी खेली, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। सिग्मा की ओर से देवांश ने तीन विकेट लिए, जबकि कृष्णा यादव ने दो तथा रूपेश और आदित्य ने एक-एक विकेट हासिल किया।

115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिग्मा एकादश ने एक विकेट के नुकसान पर मुकाबला अपने नाम कर लिया। आदित्य यादव और कृष्णा यादव ने 47-47 रन की शानदार पारियां खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई।

हरफनमौला प्रदर्शन के लिए कृष्णा यादव को फाइनल का मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 47 रन बनाने के साथ दो विकेट भी हासिल किए।

पूरे टूर्नामेंट में आठ मैचों में 318 रन और दो विकेट लेकर कृष्णा यादव मैन ऑफ द सीरीज बने। सिग्मा के आदित्य यादव को आठ मैचों में 316 रन बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मिला, जबकि प्राइम एकादश के शिवांश राय 15 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुने गए।

पुरस्कार वितरण समारोह में यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विजेता टीम और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने जूनियर लीग के सभी खिलाड़ियों को यूपी टी-20 लीग में बतौर अतिथि शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

इससे पूर्व फाइनल मुकाबले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया। इस अवसर पर संजय तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अहमद अली खान (तालिब) ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन आयुष तिवारी ने किया।

समारोह में राहुल सप्रू, विकास यादव, प्रबोध शर्मा, संजय शुक्ला, एस.एन. सिंह, अमित मिश्रा सहित जेएनटी परिवार के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। टूर्नामेंट का समापन आकर्षक आतिशबाजी के साथ हुआ।

ये भी पढ़ें : न्यूयॉर्क से अहमदाबाद तक: योग के दम पर मां-बेटी ने जीते विश्व पदक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here