जूडो महाकुंभ : पहले दिन 150 खिलाड़ियों ने आधुनिक तकनीकों का लिया प्रशिक्षण

0
50

लखनऊ। उत्तर प्रदेश जूडो एसोसिएशन के तत्वावधान में हलवासिया कोर्ट, हजरतगंज स्थित इंडियन पैरा जूडो एकेडमी में मंगलवार को जूडो महाकुंभ का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश जूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने किया।

महाकुंभ के पहले दिन आधुनिक जूडो तकनीकों के प्रशिक्षण और प्रदेशीय निर्णायकों (रेफरी) के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह दो दिवसीय शिविर बुधवार तक चलेगा, जिसके समापन पर खिलाड़ियों की बेल्ट परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।

शिविर में मिनी सब-जूनियर, सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग के करीब 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें सामान्य, दृष्टिबाधित और मूक-बधिर जूडो खिलाड़ियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। कुल प्रतिभागियों में लगभग 40 प्रतिशत बालिकाएं शामिल हैं।

प्रशिक्षण शिविर का संचालन विश्व जूडो रेफरी मुनव्वर अंजार के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ प्रकाश चंद्रा, राजेंद्र शर्मा, संजय गिरी और सुषमा अवस्थी ने खिलाड़ियों एवं प्रदेशीय निर्णायकों को जूडो की आधुनिक तकनीकों और नवीन नियमों का प्रशिक्षण दिया।

शिविर की खास बात यह रही कि इसमें सात वर्ष से लेकर 28 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने एक साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके अलावा प्रदेश के रेफरी भी अपनी तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए शिविर में शामिल हुए।

ये भी पढ़ें : जूडो : यूपी की आयशा होगी उपाध्यक्ष, अकरम शाह कार्यकारिणी सदस्य

बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाली सब-जूनियर बालक एवं बालिका टीमों का पंजीकरण होगा। इसके बाद 16 से 17 जुलाई तक खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में अपने जूडो कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन के दौरान उत्तर प्रदेश जूडो एसोसिएशन की टेक्निकल काउंसिल के चेयरमैन उमेश कुमार सिंह, जूडो कोच जया साहू, अश्वनी गुर्जर, रवि मौर्य, तारिक अली सहित अनेक पदाधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश जूडो एसोसिएशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आयशा मुनव्वर ने बताया कि जूडो महाकुंभ का उद्देश्य खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना, नवीन तकनीकों से परिचित कराना तथा प्रदेश में जूडो के स्तर को और मजबूत बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here