कमल हासन के बयान के बाद मचे बवाल पर अब कर्नाटक के मंत्री शिवराज तंगदागी ने एक्टर की सभी फिल्में बैन करने की बात कही है। वह बोले कि अगर कन्नड़ भाषा के बारे में अपने कमेंट के लिए कमल हासन माफी नहीं मांगते हैं तो कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के फैसले के अनुसार, राज्य में उनकी फिल्मों पर बैन लगा दिया जाएगा।
KFCC अध्यक्ष एम नरसिम्हालु ने कहा कि डिस्ट्रीब्यूटर्स और एग्जीबीटर्स ने फैसला लिया है कि अगर कमल हासन माफी नहीं मांगते हैं तो वो उनकी फिल्म थिएटर्स में नहीं दिखाएंगे।
KFCC ने कहा कि वह कर्नाटक में कमल हासन की फिल्म ‘ठग लाइफ’ को तब तक रिलीज नहीं होने देगी, जब तक वह कन्नड़ भाषा के बारे में अपने विवादित बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांग लेते।
एक्टर कमल हासनने अपनी फिल्म के प्रमोशन के दौरान कहा था, ‘कन्नड़ का जन्म तमिल से हुआ है।’ इससे कन्नड़ समर्थकों और सांस्कृतिक संगठनों में आक्रोश फैल गया था। कर्नाटक के मंत्री शिवराज तंगदागी ने बताया, ‘मैंने एक लेटर लिखा है।
उसके बाद, फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी एक अच्छा फैसला लिया है और एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी है, जिसमें कहा गया है कि अगर वह दो दिनों में माफी नहीं मांगते हैं तो उनकी फिल्म पर बैन लगा दिया जाएगा। मैं कन्नड़ और संस्कृति मंत्री के रूप में फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स को अपनी बधाई देता हूं।’
बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि चाहे कोई कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, जिसने कन्नड़ और कर्नाटक की जमीन और पानी के खिलाफ बोला है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कमल हासन को माफी मांगनी होगी, अगर फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के फैसले के मुताबिक ऐसा नहीं हुआ, तो उनकी फिल्मों पर बैन लगा दिया जाएगा।
एक्टर कमल हासन इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं इसकी वजह उनकी अपकमिंग फिल्म ठग लाइफ नहीं बल्कि एक इंटरव्यू है। इस इंटरव्यू में अभिनेता कन्नड़ और तमिल विवाद पर रिएक्शन देते दिखे।
उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, ‘मैंने केवल इतिहास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के बारे में बात की थी। मैंने जो कुछ भी कहा वो मेरे अपने ज्ञान और समझ के आधार पर था। अगर मेरी बात से किसी को ठेस पहुंची है या मैं गलत हूं तो मैं माफी मांगने को तैयार हूं।
मेरा इरादा किसी की भावनाओं को आहत करने का नहीं था। मैं तमिल और कन्नड़, दोनों संस्कृतियों का सम्मान करता हूं। मैं हमेशा एकता की बात करता हूं, और अगर मेरे बयान से कोई गलतफहमी हुई, तो मैं इसे साफ करना चाहता हूं।’
ये भी पढ़े : बॉर्डर 2 में दिलजीत दोसांझ का अहम किरदार, 10 जून से शुरू करेंगे शूटिंग












