कोच्चि : केरल ब्लास्टर्स एफसी ने पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडियन सुपर लीग 2025-26 में जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में जमशेदपुर एफसी को 2-0 से हराया। निहाल सुधीश और सब्स्टीट्यूट विबिन मोहनन के गोलों की बदौलत मेजबान टीम ने तीन अंक हासिल किए।
गोलकीपर अर्शशेख ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन शीट बनाए रखी। निहाल सुधीश को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले की शुरुआत तेज रही, जहां दोनों टीमों ने मिडफील्ड में नियंत्रण बनाने की कोशिश की।
केरल ब्लास्टर्स ने करीम बेनारिफ और केविन योके के जरिए शुरुआती हमले किए, जबकि जमशेदपुर ने संतुलित बिल्ड-अप के साथ जवाब दिया।
इंडियन सुपर लीग
12वें मिनट में केरल को बढ़त मिली। केविन योके ने बाएं फ्लैंक पर बेनारिफ को पास दिया, जिन्होंने शानदार रन बनाते हुए क्रॉस डाला। दाएं से आए निहाल सुधीश ने सही समय पर उछलकर हेडर के जरिए गेंद को गोल में पहुंचा दिया।
जमशेदपुर ने तुरंत जवाब दिया और 14वें मिनट में बराबरी के करीब पहुंचा, लेकिन लाजर चिरकोविच का हेडर पोस्ट से टकरा गया। मुकाबला तेज गति से जारी रहा, जहां जमशेदपुर ने निखिल बर्ला और मोहम्मद सनन के जरिए दाएं फ्लैंक से खतरा पैदा किया, जबकि निकोला स्टोजानोविच ने मिडफील्ड से खेल को संचालित किया।
केरल ब्लास्टर्स एफसी – 2 (निहाल सुधीश 12’, विबिन मोहनन 36’) जमशेदपुर एफसी – 0

हालांकि, अंतिम तीसरे हिस्से में सटीकता की कमी रही। 36वें मिनट में केरल ने बढ़त दोगुनी कर दी। फ्रांसिस्को फेयुलासिएर के शानदार क्रॉस पर सब्स्टीट्यूट विबिन मोहनन ने बॉक्स में उछलकर हेडर से गोलकर स्कोर 2-0 कर दिया।
हाफ-टाइम से पहले जमशेदपुर ने वापसी की कोशिश की, लेकिन विंसी बैरेटो और सनन के प्रयासों को केरल की डिफेंस ने रोक दिया। दूसरे हाफ में जमशेदपुर ने आक्रामक शुरुआत की और लगातार हमले किए। अर्श शेख को कई बार बचाव करना पड़ा, जहां उन्होंने रेई ताचिकावा के क्रॉस और रितविक दास व मेसी बाउली के प्रयासों को रोका।
जमशेदपुर के लगातार दबाव के बावजूद अर्श शेख मजबूती से डटे रहे और बाउली, स्टीफनएज़े सहित कई खिलाड़ियों के प्रयासों को नाकाम किया। केरल ने काउंटर अटैक पर भी खतरा बनाए रखा। योके और विक्टर बर्टोमेउ के बीच अच्छा तालमेल दिखा, जबकि विबिन तीसरा गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन डिफेंस ने उन्हें रोक दिया।
84वें मिनट में जमशेदपुर को बड़ा झटका लगा, जब कप्तान स्टीफन एज़े को रेड कार्ड दिखाया गया और टीम 10 खिलाड़ियों तक सिमट गई। अंतिम मिनटों में केरल ने संयम के साथ खेल को नियंत्रित किया और जमशेदपुर को कोई स्पष्ट मौका नहीं दिया।
अंतिम सीटी के साथ केरल ब्लास्टर्स एफसी ने 2-0 की शानदार जीत दर्ज की और सीजन की दूसरी जीत के साथ आठ अंकों के साथ 11वें स्थान पर पहुंच गया। वहीं, जमशेदपुर एफसी नौ मैचों में 15 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गया।
ये भी पढ़ें : मोहम्मडन एससी ने दिखाया जुझारू खेल, ओडिशा से ड्रॉ के साथ खोला खाता











