कम समय, बड़ी जिम्मेदारी: प्लेयर्स को परख रहा राष्ट्रीय आर्म बॉक्सिंग शिविर

0
27

लखनऊ। तीन दिन में खिलाड़ी नहीं बदलते, लेकिन दिशा जरूर तय हो जाती है। इसी सोच के साथ लखनऊ के जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र में शुक्रवार से शुरू हुए “आर्म बॉक्सिंग इंडिया राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर-2026” को महज एक सामान्य ट्रेनिंग कैंप नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के ओरिएंटेशन और चयन प्रक्रिया के अहम पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

तीन दिवसीय इस शिविर में देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों को जहां आधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है, वहीं उनके प्रदर्शन के आधार पर आगामी एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम चयन की भी तैयारी शुरू हो गई है।

ओरिएंटेशन से चयन तक: सिर्फ ट्रेनिंग नहीं, भारतीय टीम की खुलेगी राह

आर्म बाक्सिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव नसीरुद्दीन के निर्देशन में संचालित किए जा रहे शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व खेल मंत्री ओपी सिंह, स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया (एसएनआई) के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय तथा जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र के अध्यक्ष राम पाल शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों के बीच अनुशासन, जोश और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की ललक साफ दिखाई दी। पूर्व खेल मंत्री ओपी सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिविर में मौजूद प्रतिभाओं को देखकर यह उम्मीद मजबूत होती है कि भारत आगामी अंतरराष्ट्रीय और एशियन चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करेगा।

उन्होंने आयोजन समिति और भारतीय आर्म बॉक्सिंग टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए विशेष रूप से नसीरुद्दीन और उनकी टीम को खिलाड़ियों के भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों पर शुभकामनाएं दीं।

करीब आठ राज्यों की टीमों की मौजूदगी ने शिविर को राष्ट्रीय स्वरूप दिया है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, बिहार, दिल्ली, केरल, पंजाब और मध्य प्रदेश से आए खिलाड़ी यहां फिटनेस, तकनीकी अभ्यास, मुकाबला रणनीति और रेफरी नियमों की बारीकियां सीख रहे हैं।

हालांकि इतने कम समय में किसी खिलाड़ी के खेल में बड़ा बदलाव संभव नहीं होता, लेकिन ऐसे शिविर खिलाड़ियों की तकनीकी समझ, मानसिक तैयारी और चयन प्रक्रिया के लिए बेहद अहम माने जाते हैं।

स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के माहौल और मानकों के अनुरूप तकनीकी दक्षता के अनुसार तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन और फीडबैक के आधार पर बैंकॉक में होने वाली आगामी एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा।

इस शिविर के आयोजन में आशुतोष शर्मा, विपिन कुमार और अल्तमस राजा सहित अन्य पदाधिकारियों की भी सक्रिय भूमिका है। शिविर का समापन 24 मई को शाम छह बजे होगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अतिथि शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें : टेबल टेनिस : गौरी की दोहरी खिताबी जीत, पुरुष एकल में आकाश विजेता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here