लखनऊ। स्थानीय कर्नल एसएन मिश्रा ओबीई मेमोरियल स्कूल में दो दिवसीय लखनऊ क्लासिकल ओपन शतरंज टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ।
सात चक्रों वाली यह प्रतियोगिता स्विस सिस्टम के आधार पर आयोजित की जा रही है, जिसमें लखनऊ के अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कुल 73 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में 35 अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबले अत्यंत रोमांचक हो गए हैं।
पहले चक्र में तीसरी वरीयता प्राप्त रवि शंकर (रेटिंग 1688) को अनरेटेड खिलाड़ी आदित्य कीर्ति ने मध्य खेल में शानदार कॉम्बिनेशन के माध्यम से पराजित कर प्रतियोगिता का पहला बड़ा उलटफेर किया। वहीं दूसरे चक्र में एरिना इंटरनेशनल मास्टर समीर मुखर्जी को गाजीपुर के उभरते खिलाड़ी कुनाल कुमार ने ड्रॉ पर रोककर सभी को चौंका दिया।
तीसरे चक्र की समाप्ति तक पवन बाथम, आभास कुमार, आरव गर्ग, अभिनव कीर्ति, याकूब हुसैन एवं आरव गुप्ता तीन-तीन अंकों के साथ संयुक्त रूप से बढ़त बनाए हुए हैं। शीर्ष स्थान के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता में कुल बीस हजार रुपये की पुरस्कार राशि दांव पर लगी हुई है। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच उच्च स्तरीय और रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
ये भी पढ़ें : रोमांचक मुकाबलों में जीत, लुधियाना के राम प्रकाश शतरंज चैंपियन













