लखनऊ में पिकलबॉल का रोमांच शुरू, जिला चैंपियनशिप का आगाज़

0
22

लखनऊ। बैडमिंटन कोर्ट पर विशेष पैडल और प्लास्टिक की गेंद से खेले जाने वाले पिकलबॉल ने कम समय में युवाओं से लेकर वरिष्ठ खिलाड़ियों तक को अपनी ओर आकर्षित किया है। इस खेल का रोमांच शनिवार को चिनहट स्थित पिकल डोम इंडोर कोर्ट में शुरू हुई दो दिवसीय लखनऊ जिला पिकलबॉल चैंपियनशिप-2026 में देखने को मिला।

डॉ. आनन्देश्वर पांडेय व रोहित मिश्रा ने किया लखनऊ जिला पिकलबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन

चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पांडेय व विशिष्ट अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने किया।

मुख्य अतिथि डॉ. आनन्देश्वर पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि पिकलबॉल देश में तेजी से लोकप्रिय हो रहा खेल है और इसमें युवाओं के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मौजूद हैं।

विशिष्ट अतिथि रोहित मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए लखनऊ में पिकलबॉल को बढ़ावा देने के लिए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की और खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए लखनऊ पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने करते हुए कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण मंच होती हैं। एसोसिएशन के सचिव डॉ. आनंद किशोर पांडेय ने कहा कि एसोसिएशन का लक्ष्य शहर में पिकलबॉल का व्यवस्थित विकास करना तथा खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना है।

आयोजन सचिव रणवीर सिंह एवं ऋषि श्रीवास्तव ने बताया कि दो दिवसीय चैंपियनशिप में अंडर-19, अंडर-23, ओपन (23 वर्ष से अधिक) तथा 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान चैंपियनशिप में सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here