अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कारागार प्रशिक्षण संस्थान में सामूहिक योगाभ्यास, नवग्रह वाटिका का उद्घाटन

0
19

लखनऊ : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. सम्पूर्णानन्द कारागार प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश, पी.सी. मीना, आईपीएस की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के योगाचार्य राजीव अरोड़ा एवं उनकी सहयोगी सुजाता गुप्ता ने प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षुओं, कार्मिकों तथा कारागार मुख्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

इस अवसर पर महानिदेशक कारागार पी.सी. मीना ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन किसी भी संगठन की कार्यक्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के उपरांत प्रशिक्षण संस्थान परिसर स्थित नवग्रह वाटिका में वृक्षारोपण कर उसका उद्घाटन भी किया गया।

समापन अवसर पर प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. रामधनी ने सभी अतिथियों, योग प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधीक्षक रंग बहादुर पटेल, वित्त एवं लेखा अधिकारी शशिकला वर्मा, अधिशासी अधिकारी प्रशिक्षण संस्थान शरेन्दु त्रिपाठी सहित कारागार विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here