आर्म बॉक्सिंग के राष्ट्रीय शिविर ने खिलाड़ियों को दी अंतरराष्ट्रीय मंच की दिशा

0
40

लखनऊ। तीन दिन तक चले आर्म बॉक्सिंग इंडिया राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर-2026 का समापन हुआ तो खिलाड़ियों के चेहरों पर सिर्फ प्रमाण पत्र पाने की खुशी नहीं, बल्कि बड़े मंच तक पहुंचने का आत्मविश्वास भी नजर आया।

ओरिएंटेशन, तकनीकी प्रशिक्षण और चयन प्रक्रिया के इस अहम पड़ाव ने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए नई दिशा देने का काम किया।

लखनऊ स्थित जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र में आयोजित इस राष्ट्रीय शिविर में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, बिहार, दिल्ली, केरल, पंजाब और मध्य प्रदेश सहित करीब आठ राज्यों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों ने सहभागिता की।

इस दौरान खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस अभ्यास, मुकाबला रणनीति और रेफरी नियमों की बारीकियां सिखाई गईं।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय (निदेशक, स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया एवं एसएसआई स्पोर्ट्स कॉरपोरेशन) ने खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों को केवल तकनीकी रूप से मजबूत नहीं बनाते, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के अनुरूप मानसिक रूप से भी तैयार करते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत के साथ देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस शिविर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के मूल्यांकन के बाद भारतीय आर्म बॉक्सिंग टीम की घोषणा की जाएगी जो बैंकॉक में जुलाई में होने वाली प्रथम एशियन आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी।

समारोह के दौरान आर्म बाक्सिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव नसीरुद्दीन ने सर्वसम्मति से आगामी राष्ट्रीय आर्म बॉक्सिंग चैंपियनशिप के आयोजन की जिम्मेदारी केरल राज्य को सौंपने की घोषणा की, जिसका खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वेदव्रत बाजपेयी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास और सकारात्मक ऊर्जा का सबसे मजबूत माध्यम हैं।

शिविर के सफल आयोजन में आर्म बाक्सिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव नसीरुद्दीन सहित आशुतोष शर्मा, विपिन कुमार, अल्तमस राजा सहित अन्य सहयोगियों की भी सराहनीय भूमिका रही।

आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के लिए भविष्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का मजबूत आधार बनेगा तथा भारतीय आर्म बॉक्सिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक साबित होगा।

ये भी पढ़ें : कम समय, बड़ी जिम्मेदारी: प्लेयर्स को परख रहा राष्ट्रीय आर्म बॉक्सिंग शिविर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here