दिल्ली एनसीआर : ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा यूबीएस एथलेटिक्स किड्स कप को अपने गृह राज्य हरियाणा लेकर आ रहे हैं। 24 अक्टूबर को वे राई (सोनीपत) स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में 350 से अधिक बच्चों के साथ शामिल होकर इस क्षेत्र के पहले सिटी फाइनल का जश्न मनाएँगे।
ओलंपिक चैंपियन सोनीपत में बच्चों के साथ मनाएंगे जश्न, कार्यक्रम का विस्तार दिल्ली एनसीआर तक
इस पहल के विस्तार में यह एक और अहम पड़ाव है, क्योंकि हरियाणा और दिल्ली एनसीआर अब कार्यक्रम का स्थायी हिस्सा बनने जा रहे हैं।
दो वर्ष तक एंबेसडर रहने के बाद नीरज इस साल की शुरुआत में इस पहल को चलाने वाली कंपनी एसडी स्पोर्ट्स इंडिया के सह-मालिक बन गए। यह कदम देश भर के बच्चों के लिए खेल के अवसर उपलब्ध कराने की उनकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
“हरियाणा मेरे लिए हमेशा खास रहेगा, क्योंकि खेल में मेरे सफ़र की शुरुआत यहीं से हुई,” नीरज चोपड़ा कहते हैं। “मेरा मानना है कि हर बच्चा, चाहे वह कहीं से भी आता हो, खेलने, अपनी क्षमता पहचानने और बड़े सपने देखने के अवसर का हकदार है।
यूबीएस एथलेटिक्स किड्स कप के माध्यम से हम यह अवसर ज़्यादा से ज़्यादा बच्चों तक पहुँचाना, अगली पीढ़ी को प्रेरित करना और भारत में खेल की एक मज़बूत संस्कृति खड़ी करना चाहते हैं।
जितने ज़्यादा बच्चे खेलेंगे, भविष्य के उन चैंपियनों को खोज पाने की हमारी संभावना उतनी ही बढ़ेगी, जो आगे चलकर सबसे बड़े मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। मुझे बेहद खुशी है कि यह सफ़र मेरे गृह राज्य में जड़ें जमा रहा है।”
कार्यक्रम के एक नए क्षेत्र में कदम रखने के साथ, यूबीएस का ध्यान खेलों तक पहुँच से बच्चों को मिलने वाले दीर्घकालिक लाभ पर केंद्रित है।
“नीरज का यूबीएस एथलेटिक्स किड्स कप के एंबेसडर से सह-मालिक बनने तक का सफ़र इस अगले अध्याय को और भी खास बना देता है,” यूबीएस इंडिया सर्विस कंपनी के हेड समीर चोठानी कहते हैं।
“यूबीएस की प्रतिबद्धता हमेशा से यही रही है कि खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी को प्रोत्साहन मिले और शारीरिक गतिविधि बच्चों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बने। खेल आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ आदतें विकसित करता है, साथ ही सक्रिय जीवनशैली के प्रति ऐसा लगाव भी जगाता है, जो जीवन भर बना रह सकता है।
ये भी पढ़ें : बैडमिंटन कोर्ट पर फिर चमके सुहास एलवाई, एशियन पैरा गेम्स में जीता कांस्य
जैसे-जैसे यूबीएस एथलेटिक्स किड्स कप नए समुदायों तक पहुँच रहा है, हमें खुशी है कि हम भारत भर के और अधिक बच्चों को इन अनुभवों का लाभ दिलाने के अवसर बनाने में सहयोग कर पा रहे हैं।”
क्षेत्र भर में हुई स्कूल-स्तरीय प्रतियोगिताओं के बाद सिटी फाइनल में 350 से अधिक बच्चे एक मंच पर जुटेंगे। नीरज इन युवा प्रतिभागियों से मुलाकात करेंगे और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे, तथा उनकी भागीदारी और उपलब्धियों का जश्न मनाएँगे।
“इस पहल को हमारे साथ अपने गृह राज्य ले आना हम सभी के लिए एक खास पल है,” यूबीएस एथलेटिक्स किड्स कप के सह-संस्थापक और एसडी स्पोर्ट्स इंडिया के सह-मालिक डैनियल शेंकर कहते हैं।
“लेकिन सबसे ज़रूरी बात यह है कि इस आयोजन के बाद क्या होता है। हम चाहते हैं कि पूरे हरियाणा और दिल्ली एनसीआर के बच्चों को नियमित रूप से एथलेटिक्स का आनंद लेने, अपनी क्षमता पहचानने और खेल के ज़रिए आगे बढ़ने के अवसर मिलते रहें। हरियाणा अब हमेशा के लिए हमारे साथ है।”
सीज़न 3 में अभी से 2,50,000 बच्चे ले रहे हैं हिस्सा
यूबीएस एथलेटिक्स किड्स कप का सफ़र लगातार आगे बढ़ रहा है। इस सीज़न में इसके कार्यक्रम वाले शहरों में अभी से 2,50,000 बच्चे हिस्सा ले रहे हैं। वर्ष 2023 में मुंबई से शुरू हुई यह पहल पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक पहुँच चुकी है, और अब हरियाणा तथा दिल्ली एनसीआर भी इसके बढ़ते नेटवर्क का हिस्सा बन रहे हैं।












