लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे में सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि इस इमारत में एक एनीमेशन कोचिंग सेंटर संचालित होता था, और मृतकों में अधिकांश छात्र शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल छा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने हाथरस और अलीगढ़ के कार्यक्रम रद्द कर तत्काल लखनऊ लौटकर घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटना की उच्चस्तरीय जांच के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।
केजीएमयू प्रशासन के अनुसार, बचाव दल द्वारा कुल 22 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें 15 को मृत घोषित किया गया। सात घायलों का उपचार जारी है। अस्पताल की कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
अलीगंज अग्निकांड में अब तक 10 मृतकों की पहचान हो चुकी है। इनमें सागर (27), नीलेश (27), अनामिका (28), श्याम (30), अनुचा (25), सोमालिया (30), शाहजान (19), रुक्मणि (24), आदित्य श्रीवास्तव (23) और अब्दुल रहमान (24) शामिल हैं।
बाकी शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए परिजन लगातार पोस्टमार्टम हाउस पहुंच रहे हैं। घटना स्थल पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, गृह विभाग के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण पहुंचे और बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी की।
जानकारी के अनुसार, आग अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग स्थित तीन मंजिला वाणिज्यिक भवन में करीब दोपहर तीन बजे लगी। आग की तीव्रता को देखते हुए कई दमकल वाहन और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
ये भी पढ़ें : शाहजहांपुर में फर्जी ब्रिगेडियर गिरफ्तार, सेना और पूर्व सैनिकों का एक्शन
यह इमारत घनी आबादी वाले पॉश इलाके के पास स्थित है, जहां कोचिंग सेंटर, कैफे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया, कुछ को कंबल में लपेटकर और कुछ को ‘बॉडी बैग’ में एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया।
यह मंजर बेहद भयावह था, जब परिजन अपने प्रियजनों की तलाश में घटनास्थल और अस्पतालों के बीच भटकते नजर आए। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।













