गुवाहाटी : मोहन बागान सुपर जायंट ने इंडियन सुपर लीग 2025-26 में इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम, गुवाहाटी में बारिश से प्रभावित मुकाबले में नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी को 1-0 से हराया।
डिफेंडिंग चैंपियन ने पांचवें मिनट में रॉब्सन के गोल से बढ़त हासिल की और उसके बाद विषाल कैथ की अगुवाई में मजबूत डिफेंस के दम पर कठिन परिस्थितियों में जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ मोहन बागान एसजी नौमैचों में 20 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है, जिससे उसने मुंबई सिटी एफसी पर दो अंकों की बढ़त बना ली है। वहीं, नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी सात अंकों के साथ 12वें स्थान पर बना हुआ है।
इंडियन सुपर लीग
मैच की शुरुआत तेज रही और तीसरे मिनट में ही जेमी मैक्लारेन ने दाएं फ्लैंक से शानदार रन बनाया, लेकिन रॉबिन यादव ने समय पर हस्तक्षेप कर खतरे को टाल दिया।
पांचवें मिनट में मोहन बागान को बढ़त मिली। लिस्टन कोलाको ने दाएं से मूव की शुरुआत की और साहल अब्दुल समद को पास दिया, जिन्होंने बॉक्स में घुसकर गेंद को बीच में लौटाया। रॉब्सन ने सही समय पर पहुंचकर दाएं पैर से शानदार फिनिश करते हुए गेंद को नेट में पहुंचा दिया।
पहले हाफ में मोहन बागान ने पजेशन पर नियंत्रण बनाए रखा और जेसन कमिंग्स, साहल और रॉबिन्हो ने कई प्रयास किए, लेकिन गोलकीपर गुरमीत सिंह ने बढ़त को सीमित रखा। भारी बारिश के कारण परिस्थितियां मुश्किल हो गईं और गेंद का नियंत्रण बनाए रखना दोनों टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया।
नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी – 0 मोहन बागान सुपर जायंट – 1 (रॉब्सन 5’)

36वें मिनट में नॉर्थ ईस्ट को पहला बड़ा मौका मिला, जब पार्थिब गोगोई को थ्रूबॉल मिली, लेकिन विषाल कैथ ने आगे बढ़कर कोण कम किया और शॉट को बाहर जाने पर मजबूर किया। पहले हाफ के अंत में नॉर्थ ईस्ट ने ज्यादा पजेशन रखा, लेकिन मोहन बागान की डिफेंस मजबूत रही और टीम 1-0 की बढ़त के साथ ब्रेक में गई।
दूसरा हाफ भारी बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ और मैदान की स्थिति का असर खेल की गति पर साफ दिखा।दोनों टीमों के लिए लगातार हमले बनाना मुश्किल रहा, हालांकि नॉर्थ ईस्ट बराबरी की तलाश में ज्यादा आक्रामक नजर आया।
मैकार्टन निक्सन और थोई सिंह ने दूरी से शॉट लेने की कोशिश की, लेकिन विषाल कैथ सतर्क रहे। मैच के अंतिम चरण में नॉर्थईस्ट ने ज्यादा खिलाड़ियों को आगे भेजा और बराबरी का मौका तलाशा।
इंजरी टाइम में उन्हें सबसे बड़ा मौका मिला, जब सब्स्टीट्यूट अंकित पद्मनाभन बॉक्स में खाली मिले, लेकिन कैथ ने शानदार बचाव किया। रिबाउंड पर जाइरो सैम्पेरियो के शॉट को मेहताब सिंह ने बेहतरीन तरीके से ब्लॉक किया।
इसके बाद भी मेहताब ने एक और अहम क्लियरेंस कर एंडी रोड्रिगेज को गोल करने से रोका। अंत में, रॉब्सन का शुरुआती गोल ही निर्णायक साबित हुआ और मोहन बागान सुपर जायंट ने कठिन परिस्थितियों में तीनों अंक हासिल किए।
ये भी पढ़ें : निहाल-विबिन के गोल से केरल ब्लास्टर्स की घर में शानदार जीत
ये भी पढ़ें : राजस्थान यूनाइटेड की शानदार वापसी, डेम्पो को 2-1 से हराया












